PM Modi Urges Indians To Save Fuel: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘तेल बचाने’ की अपील के बाद पेट्रोलियम मंत्रालय ने देश में ईंधन भंडार को लेकर भरोसा दिलाया है। मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि रिफाइनरियां पूरी क्षमता से काम कर रही हैं और पेट्रोल, डीजल व एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। पीएम मोदी ने सिकंदराबाद की रैली में वैश्विक तनाव और ईरान युद्ध का जिक्र करते हुए तेल बचाने की अपील की थी।
पीएम की अपील पर विपक्षी नेताओं ने उठा सवाल
पीएम मोदी की अपील के बाद विपक्ष ने सरकार को घेरना शुरू कर दिया। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि सरकार अब तक देश की ऊर्जा सुरक्षा को लेकर स्पष्ट रणनीति नहीं बना पाई है। वहीं अरविंद केजरीवाल ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या देश किसी बड़े आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है, क्योंकि इस तरह की अपील पहले कभी नहीं की गई।
पेट्रोलियम मंत्रालय ने जारी किया बयान
पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और किसी भी रिटेल आउटलेट पर ईंधन की कमी की सूचना नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि रिफाइनरियां पूरी क्षमता से काम कर रही हैं और एलपीजी डिस्ट्रीब्यूशन भी सामान्य तरीके से जारी है। मंत्रालय के अनुसार, पिछले तीन दिनों में 1.26 करोड़ बुकिंग के मुकाबले 1.14 करोड़ एलपीजी सिलेंडर डिलीवर किए गए। इसी दौरान 17,000 टन से ज्यादा कमर्शियल एलपीजी और 762 टन से अधिक ऑटो एलपीजी की बिक्री हुई। अधिकारियों ने साफ कहा कि देश में पेट्रोलियम उत्पादों की कोई कमी नहीं है और लोगों को घबराकर खरीदारी करने की जरूरत नहीं है।

