होम = Breaking = मध्य प्रदेश के श्योपुर में दर्दनाक सड़क दुर्घटना, 4 महिलाओं की मौत; कई घायल

मध्य प्रदेश के श्योपुर में दर्दनाक सड़क दुर्घटना, 4 महिलाओं की मौत; कई घायल

मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। शादी के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे लोगों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक पलट गई, जिससे कई जिंदगियां खत्म हो गईं और दर्जनों लोग घायल हो गए।

श्योपुर में दर्दनाक हादसा, चार महिलाओं की मौत

श्योपुर जिले के विजयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खितरपाल गांव के पास टैंटरा-विजयपुर मार्ग पर एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में चार महिलाओं की मौके पर ही जान चली गई, जबकि करीब 28 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

शादी के कार्यक्रम में जा रहे थे सभी लोग

मिली जानकारी के मुताबिक, वीरपुर थाना क्षेत्र के घूघस गांव से ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर पार्बती बड़ौदा गांव जा रहे थे। वहां 20 अप्रैल को होने वाले विवाह समारोह के तहत भात न्यौतने का कार्यक्रम आयोजित था, जिसमें शामिल होने के लिए सभी लोग निकले थे।

अंधेरा और तेज रोशनी बनी हादसे की वजह

बताया जा रहा है कि रात के समय अंधेरा और सामने से आ रही तेज हेडलाइट की वजह से चालक का संतुलन बिगड़ गया। नियंत्रण खोने के कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और यह दर्दनाक हादसा हो गया।

घायलों को पहुंचाया अस्पताल

हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास से गुजर रहे लोगों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रॉली के नीचे फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद डायल 112 की सहायता से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विजयपुर ले जाया गया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया।

डॉक्टरों के अनुसार, कई घायलों की स्थिति नाजुक बनी हुई है। बेहतर उपचार के लिए उन्हें श्योपुर और ग्वालियर रेफर किया गया है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

प्रशासन और जनप्रतिनिधि पहुंचे अस्पताल

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। वहीं, पूर्व मंत्री रामनिवास रावत और पूर्व विधायक बाबूलाल मेवरा सहित कई अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।

मृतकों की पहचान

इस हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान घूघस गांव की सरोज (पत्नी मगध गुर्जर), सुनैना (पत्नी कल्ला गुर्जर), सीमा (पत्नी कल्लू गुर्जर) और गीता (पत्नी घनश्याम गुर्जर) के रूप में हुई है। सभी की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे की पूरी परिस्थितियों को समझकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें: West Bengal Election 2026: वोटिंग से 2 दिन पहले नाम जुड़ा तो भी डाल सकेंगे वोट: SIR पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा आदेश