RR vs PBKS Match: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के एक मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स के बीच खेल के दौरान नया विवाद सामने आ गया। टीम के 24 वर्षीय कप्तान रियान पराग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह कथित तौर पर ड्रेसिंग रूम में वेप (Vape) का इस्तेमाल करते नजर आ रहे हैं। यह क्लिप दूसरी पारी के दौरान सामने आई, जिसने फैंस और क्रिकेट जगत में अनुशासन और खेल भावना को लेकर बहस छेड़ दी है।
रियान पराग पर हो सकती है कार्रवाई
वीडियो वायरल होने के बाद संभावित अनुशासनात्मक कार्रवाई को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि वेप के इस्तेमाल पर कोई स्पष्ट सार्वजनिक नियम नहीं है, लेकिन बीसीसीआई के खिलाड़ियों के आचरण से जुड़े सख्त दिशा-निर्देश लागू होते हैं। स्वास्थ्य और सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत ड्रेसिंग रूम या डगआउट में तंबाकू या उससे जुड़े उत्पादों का उपयोग आमतौर पर प्रतिबंधित माना जाता है, जिससे रियान पराग पर कार्रवाई की संभावना बढ़ गई है।
क्या होती है वेपिंग?
वेपिंग (Vaping) एक ऐसी प्रक्रिया है, जिसमें ई-सिगरेट या वेप पेन जैसे बैटरी से चलने वाले उपकरणों की मदद से निकोटीन, फ्लेवर और अन्य रसायनों वाले लिक्विड को गर्म किया जाता है और उससे बनने वाली भाप (एरोसोल) को सांस के जरिए अंदर लिया जाता है। यह पारंपरिक धूम्रपान का आधुनिक रूप माना जाता है, जिसमें धुएं की जगह वेपर (भाप) का इस्तेमाल होता है।

