Cheetah helicopter crash Leh: लद्दाख में सेना के एक चीता हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर सामने आई है। हादसे में हेलीकॉप्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि उसमें सवार वरिष्ठ सैन्य अधिकारी सुरक्षित बताए जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के पास श्योक नदी क्षेत्र में बुधवार को यह दुर्घटना हुई। बताया जा रहा है कि हेलीकॉप्टर सीधे पहाड़ी से टकरा गया, जिसमें दोनों पायलट घायल हो गए। हादसे के समय हेलीकॉप्टर में एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी भी सवार थे। फिलहाल सेना की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
घायल अधिकारियों को अस्पताल पहुंचाया गया
जानकारी के अनुसार यह हादसा 20 मई को हुआ था, हालांकि इसकी सूचना शुक्रवार को सामने आई। हेलीकॉप्टर को एक लेफ्टिनेंट कर्नल और एक मेजर उड़ा रहे थे। इसमें 3 इन्फैंट्री डिवीजन के जनरल ऑफिसर कमांडिंग मेजर जनरल सचिन मेहता भी सवार थे। हादसे के तुरंत बाद सेना की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और घायल अधिकारियों को सुरक्षित निकालकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।

