होम = Breaking = दिल्ली में IRS अफसर की बेटी की बेरहमी से हत्या, नौकर पर है शक; जांच में जुटी पुलिस

दिल्ली में IRS अफसर की बेटी की बेरहमी से हत्या, नौकर पर है शक; जांच में जुटी पुलिस

Delhi Crime News: दक्षिणपूर्वी दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक वरिष्ठ आईआरएस अधिकारी की 21 वर्षीय बेटी की उसके ही घर में बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस वारदात ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

घर के अंदर वारदात

प्रारंभिक जांच में पुलिस को शक है कि हत्या से पहले युवती के साथ दुष्कर्म किया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने मोबाइल चार्जर की तार से गला घोंटकर उसकी हत्या की। घटना की क्रूरता ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।

पूर्व नौकर पर शक गहराया

जांच के दौरान पुलिस का शक घर के एक पूर्व नौकर राहुल पर गया है, जो राजस्थान का रहने वाला है। उसे करीब डेढ़-दो महीने पहले नौकरी से निकाल दिया गया था। सीसीटीवी फुटेज में वह घटना वाले दिन सुबह करीब 6 बजे आसपास नजर आया है, जिससे उसके ऊपर संदेह और गहरा गया है।

पैसों में हेराफेरी बना वजह

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि राहुल घर के कामों के लिए दिए गए पैसों में गड़बड़ी करता था। इसी कारण उसे नौकरी से हटा दिया गया था। जांच एजेंसियों का मानना है कि आरोपी को परिवार की दिनचर्या की पूरी जानकारी थी और उसने उसी का फायदा उठाया।

सुबह के वक्त दिया वारदात को अंजाम

जानकारी के मुताबिक, घटना सुबह 6:30 से 7:30 बजे के बीच हुई, जब अधिकारी दंपति जिम गए हुए थे और युवती घर पर अकेली थी। आरोपी को यह भी पता था कि बाद में अन्य कर्मचारी घर आते हैं, इसलिए उसने उसी समय वारदात को अंजाम दिया।

आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें सक्रिय

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है ताकि दुष्कर्म की पुष्टि हो सके। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

ये भी पढ़ें: केरल के त्रिशूर में पटाखा यूनिट में धमाका, 6 की मौत; 40 से ज्यादा घायल