होम = Breaking = ‘भाई मुझे यहां से ले जाओ…’, ट्विशा के बाद अब पलक की मौत; Insta Reels में दिखा दर्द

‘भाई मुझे यहां से ले जाओ…’, ट्विशा के बाद अब पलक की मौत; Insta Reels में दिखा दर्द

Gwalior News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत ने सनसनी फैला दी है। मुरार थाना क्षेत्र के सुरैयापुरा इलाके में रहने वाली पलक रजक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या का मामला मान रही है, लेकिन मायके पक्ष ने हत्या और दहेज प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं।

ट्विशा के बाद अब पलक की मौत

परिजनों के मुताबिक, मौत से कुछ समय पहले पलक ने अपने भाई प्रिंस को फोन कर वहां से ले जाने की गुहार लगाई थी। भाई का कहना है कि वह पलक को लेने निकलने ही वाले थे, तभी सूचना मिली कि उसकी तबीयत बिगड़ गई है और उसे अस्पताल ले जाया गया है। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने पलक को मृत घोषित कर दिया।

मृतका के भाई प्रिंस ने आरोप लगाया कि पलक की शादी अप्रैल 2025 में अमित रजक से हुई थी। शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए परेशान किया जा रहा था। परिवार का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने एक लाख रुपये की एफडी तुड़वाकर पैसे अपने पास रख लिए थे और उसके गहने भी कब्जे में ले लिए गए थे। इसके अलावा कार की मांग को लेकर भी लगातार दबाव बनाया जा रहा था।

जानिए परिजनों का क्या है कहना

परिजनों का कहना है कि इन सब कारणों से पलक मानसिक तनाव में रहने लगी थी। वह सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थी और उसके करीब 10 हजार फॉलोअर्स थे। हाल के दिनों में उसने कई ऐसी पोस्ट और रील्स साझा की थीं, जिनमें एंजायटी, डिप्रेशन और पैनिक अटैक जैसे विषय नजर आ रहे थे। अब उसकी सोशल मीडिया गतिविधियां भी जांच का हिस्सा बन गई हैं।

घटना 12 मई की बताई जा रही है। पलक की मौत के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। ससुराल पक्ष का दावा है कि उसने आत्महत्या की है, जबकि मायके पक्ष इसे सुनियोजित हत्या बता रहा है। परिवार का कहना है कि पलक ऐसा कदम नहीं उठा सकती थी और उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।

मामले को लेकर पुलिस फिलहाल हर पहलू से जांच कर रही है। सीएसपी रॉबिन जैन ने बताया कि शुरुआती तौर पर मामला सुसाइड का लग रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल डेटा की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मृतका के फोन की कॉल डिटेल व सोशल मीडिया गतिविधियों को भी खंगाला जा रहा है।

अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हुई है, जिससे यह साफ हो सकेगा कि पलक की मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई और वजह छिपी है।

ये भी पढ़ें: ई-फार्मेसी के खिलाफ आज कई राज्यों में विरोध प्रदर्शन, जानें कहां खुलेंगी दुकानें