Toledo shooting: शनिवार को अमेरिका के के टोलेडो शहर में एक सामुदायिक उत्सव के पास हुई गोलीबारी में कम से कम 12 लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि फिलहाल किसी भी संदिग्ध को हिरासत में नहीं लिया गया है। टोलेडो पुलिस विभाग के अनुसार, शाम करीब 5:30 बजे उन्हें ओल्ड वेस्ट एंड फेस्टिवल के पास गोलीबारी की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर पुलिस को कई लोग गोली लगने से घायल मिले। पुलिस ने कहा कि घायलों में से कई को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। हालांकि, संदिग्ध हमलावर या हमलावरों के बारे में अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं, घायलों की पहचान भी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। मामले की जांच जारी है और पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस शूटरों की तलाशी के साथ-साथ मामले की कर रही है जांच
गोलीबारी की घटना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया। अधिकारियों ने प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी तथा अन्य वीडियो फुटेज की जांच की। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, फेस्टिवल के पास कम से कम दो लोगों के बीच गोलीबारी हुई थी। टोलेडो पुलिस के डिप्टी चीफ जोसेफ हेफर्नन ने मीडिया को बताया, “12 लोगों को गोलियां लगी हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है।” उन्होंने यह भी कहा कि अभी तक किसी भी संदिग्ध को गिरफ्तार नहीं किया गया है। हेफर्नन के अनुसार, इस घटना में कम से कम दो शूटर शामिल थे और प्रारंभिक जांच से संकेत मिलते हैं कि वे संभवतः एक-दूसरे पर ही गोलियां चला रहे थे। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

