Earthquake In Afghanistan : अफगानिस्तान में रविवार देर रात एक बार फिर भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। दक्षिण-पूर्वी अफगानिस्तान के पाकिस्तान बॉर्डर से सटे इलाकों में यह झटके बेहद तीव्र थे। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.3 दर्ज की गई। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने बताया कि इसका केंद्र नांगरहार प्रांत के जलालाबाद के पास 8 किलोमीटर की गहराई में था। यह झटका स्थानीय समयानुसार रात 11:47 बजे महसूस किया गया।
नकीबुल्लाह रहीमी ने दी जानकारी
तेज झटकों के कारण लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए। नांगरहार के सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग के प्रवक्ता नकीबुल्लाह रहीमी ने जानकारी दी कि अब तक 15 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, करीब 20 मिनट बाद उसी इलाके में एक और भूकंप आया, जिसकी तीव्रता 4.5 थी और गहराई 10 किलोमीटर रही।
लगातार हिल रही धरती
पिछले एक महीने में अफगानिस्तान में यह पांचवां भूकंप है। 8 अगस्त को 4.3 तीव्रता का झटका दर्ज हुआ, 13 अगस्त को 4.2 तीव्रता का भूकंप आया, 17 अगस्त को 4.9 तीव्रता का झटका महसूस हुआ, 27 अगस्त को 5.4 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। यह सिलसिला दिखाता है कि अफगानिस्तान भूकंपीय गतिविधियों के लिहाज से अत्यधिक संवेदनशील क्षेत्र है।
क्यों आते हैं भूकंप?
पृथ्वी के भीतर सात बड़ी टेक्टोनिक प्लेट्स लगातार गति करती रहती हैं। जब ये प्लेट्स एक-दूसरे से टकराती हैं या खिसकती हैं तो दबाव बनता है। दबाव अधिक हो जाने पर प्लेट्स टूट जाती हैं और ऊर्जा बाहर निकलती है, जिसके चलते भूकंप आता है।
भूकंप का केंद्र और तीव्रता
भूकंप का केंद्र (Epicenter) वह जगह होती है जिसके नीचे से ऊर्जा निकलती है। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता मापी जाती है, जिससे झटकों की ताकत का पता चलता है। 7 या उससे अधिक तीव्रता वाले भूकंप 40 किलोमीटर के दायरे में भारी नुकसान पहुंचा सकते हैं।
कितनी तबाही लाता है भूकंप और रिक्टर स्केल पर असर
- 0 से 1.9 : सिर्फ उपकरण से पता चलता है।
- 2 से 2.9 : हल्का कंपन।
- 3 से 3.9 : पास से गुजरते ट्रक जैसा कंपन।
- 4 से 4.9 : खिड़कियां टूट सकती हैं, फ्रेम गिर सकते हैं।
- 5 से 5.9 : फर्नीचर हिलने लगता है।
- 6 से 6.9 : इमारतों की नींव दरक सकती है, ऊपरी मंजिलें प्रभावित होती हैं।
- 7 से 7.9 : इमारतें गिर सकती हैं, पाइपलाइन फट सकती है।
- 8 से 8.9 : बड़े पुल और इमारतें भी गिर सकती हैं, सुनामी का खतरा।
- 9 या अधिक : बड़े पैमाने पर तबाही, धरती लहराती हुई नजर आती है।
ये भी पढ़े – PM Modi SCO Summit: PM मोदी ने पहलगाम हमले का किया जिक्र, बोले- “आतंकवाद मानवता की साझा चुनौती”
फिलहाल की स्थिति
अफगानिस्तान में रविवार रात आए इस भूकंप से बड़े पैमाने पर जानमाल का नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन लगातार आ रहे झटकों (Earthquake In Afghanistan) से लोग सहमे हुए हैं। राहत और बचाव टीमें प्रभावित इलाकों में पहुंच चुकी हैं और घायलों का इलाज जारी है।

