होम = दुनिया = बांग्लादेश चीन-पाक ब्लॉक में शामिल? भारत को छोड़कर नई रणनीतिक गठजोड़ की तैयारी

बांग्लादेश चीन-पाक ब्लॉक में शामिल? भारत को छोड़कर नई रणनीतिक गठजोड़ की तैयारी

by | Dec 11, 2025 | दुनिया

Bangladesh Diplomacy: बांग्लादेश ने चीन और पाकिस्तान के साथ मिलकर एक नया त्रिपक्षीय ब्लॉक बनाने की ओर कदम बढ़ाया है। इस ब्लॉक के जरिए चीन इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में अपनी रणनीतिक पकड़ मजबूत करना चाहता है, जबकि भारत इस गठजोड़ का हिस्सा नहीं होगा। बांग्लादेश के विदेश मामलों के सलाहकार तौहीद हुसैन ने कहा कि भारत को छोड़कर पाकिस्तान के साथ किसी क्षेत्रीय ब्लॉक में शामिल होना बांग्लादेश के लिए रणनीतिक रूप से संभव है।

क्या है पूरा मामला

यह पहल पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार के बयान के बाद आई, जिसमें उन्होंने इस त्रिपक्षीय ब्लॉक की शुरुआत की पुष्टि की थी। हुसैन ने स्पष्ट किया कि नेपाल और भूटान के लिए ऐसे ब्लॉक में शामिल होना संभव नहीं है। विशेषज्ञों का मानना है कि शेख हसीना के अगस्त 2024 में सत्ता से हटने के बाद बांग्लादेश ने पाकिस्तान और चीन की ओर झुकाव बढ़ाया है। यूनुस सरकार के दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार, रक्षा और कूटनीतिक सहयोग तेज हुआ है। जून में चीन के कुनमिंग में हुई त्रिपक्षीय बैठक में ब्लॉक के निर्माण और क्षेत्रीय सहयोग के मुद्दों पर चर्चा हुई।

चीन-पाकिस्तान प्रभाव बढ़ाने की रणनीति

सार्क की भूमिका धीरे-धीरे निष्क्रिय होने के बाद यह नया गठबंधन दक्षिण एशिया में चीन-पाकिस्तान प्रभाव बढ़ाने की रणनीति के तहत बनाया जा रहा है। इस ब्लॉक में स्वास्थ्य, व्यापार, निवेश, इंफ्रास्ट्रक्चर और कर्ज प्रबंधन में सहयोग को प्राथमिकता दी जाएगी। विशेषज्ञों के अनुसार, यह बदलाव बांग्लादेश की पारंपरिक बैलेंसिंग वाली विदेश नीति को पलट रहा है, जिसमें पहले भारत के साथ संतुलन बनाए रखा जाता था। यूनुस सरकार अब भारत की तुलना में पाकिस्तान और चीन के साथ रणनीतिक निकटता बढ़ा रही है।

इस कदम से भारत के लिए क्षेत्रीय रणनीति में नए चैलेंज पैदा हो सकते हैं और दक्षिण एशिया में भू-राजनीतिक समीकरण बदलने की संभावना बढ़ गई है।

ये भी पढ़े: दिल्ली के जहरीले धुएं में सांसद त्रस्त, शीतकालीन और बजट सत्र राजधानी से बाहर कराने की मांग!