होम = State = मध्य प्रदेश = एमपी में छात्रों का बवाल! पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी के आरोप, सड़कों पर उतरे हजारों अभ्यर्थी

एमपी में छात्रों का बवाल! पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी के आरोप, सड़कों पर उतरे हजारों अभ्यर्थी

MP News: मध्य प्रदेश में पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा 2025 को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। राज्यभर में हजारों छात्र गड़बड़ी और अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए सड़कों पर उतर आए हैं। इंदौर में सोमवार को कलेक्टर चौराहा कंपाउंड पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन किया और पारदर्शी जांच की मांग उठाई।

छात्रों का आरोप है कि इस वर्ष परीक्षा प्रक्रिया में गंभीर लापरवाही बरती गई है। आमतौर पर सुरक्षा कारणों से परीक्षा केंद्र की जानकारी परीक्षा तिथि से दो दिन पहले ही दी जाती है, ताकि किसी भी प्रकार की नकल या साठगांठ की संभावना न रहे। लेकिन इस बार अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र की जानकारी लगभग डेढ़ महीने पहले ही दे दी गई।

परीक्षा की गोपनीयता पर सवाल

अभ्यर्थियों का कहना है कि यह कदम परीक्षा की गोपनीयता पर सवाल खड़ा करता है। उनका दावा है कि परीक्षा केंद्रों की सूची 28 नवंबर से ही सार्वजनिक कर दी गई, जिससे “असामाजिक तत्वों” को केंद्र संचालकों से सांठगांठ करने का पर्याप्त समय मिल गया। छात्रों का आरोप है कि यह एक सुनियोजित साजिश की ओर इशारा करता है।

प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार से चार मुख्य मांगें रखी हैं

  1. परीक्षा केंद्र वितरण प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच की जाए।
  2. इस गंभीर चूक के जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई हो।
  3. सभी अभ्यर्थियों के परीक्षा केंद्र पुनः आवंटित किए जाएं।
  4. परीक्षा संचालन से जुड़ी ब्लैकलिस्टेड कंपनी ‘एपटेक’ को हटाकर किसी प्रतिष्ठित और विश्वसनीय एजेंसी को जिम्मेदारी सौंपी जाए।

पहले भी लग चुके है आरोप

कई छात्रों ने आरोप लगाया कि पूर्व में भी एपटेक कंपनी पर परीक्षा से जुड़े घोटालों के आरोप लग चुके हैं, फिर भी उसे दोबारा ठेका देना संदेहास्पद है। इस बीच पुलिस और प्रशासन ने प्रदर्शन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील की है। अभ्यर्थियों का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। मध्य प्रदेश में यह विरोध अब राज्यव्यापी रूप लेता जा रहा है, और सवाल यह उठ रहा है, क्या भविष्य की नींव बनने वाले युवाओं की आवाज़ इस बार सरकार सुनेगी?

ये भी पढ़े – इंदौर मॉडल ने फिर जीता दिल! असम की पब्लिक अकाउंट्स कमेटी भी सीखेंगे स्वच्छता का ये फॉर्मूला, जानिए पूरी खबर

Tags : MP News