Haryana News: गुरुग्राम के उद्योग विहार इलाके में शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक ने अपनी प्रेमिका पर सरेआम गोली चला दी। वजह है युवती का शादी से इनकार करना। गोली युवती के कंधे में जा लगी और वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ी। गुस्से से भरे आरोपी को मौके पर मौजूद लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
क्या है पूरा मामला
घटना उद्योग विहार थाना क्षेत्र के होली चौक के पास की है। घायल युवती की पहचान शिवांगी तिवारी (25) के रूप में हुई है, जो एक निजी कंपनी में काम करती है। आरोपी विपिन (33), जौनपुर जिले के दिलशादपुर तेजी बाजार का रहने वाला है और पिछले दो सालों से शिवांगी के साथ रिलेशनशिप में था। वह लगातार शादी के लिए दबाव बना रहा था, लेकिन शिवांगी ने साफ इनकार कर दिया। इसी इनकार से तिलमिलाए विपिन ने शुक्रवार सुबह खौफनाक कदम उठाया।
देसी कट्टा और चला दी गोली
चश्मदीद के मुताबिक, सुबह शिवांगी अपने ऑफिस जा रही थी तभी विपिन वहां आ पहुंचा। उसने उससे बात करने की कोशिश की और कहा कि “चलो, शादी की बात करनी है।” जब शिवांगी ने मना किया तो उसने अपने बैग से देसी कट्टा निकाला और गोली चला दी। गोली कंधे में लगते ही शिवांगी दर्द से कराहते हुए जमीन पर गिर गई। आसपास के लोगों ने तुरंत आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।
अपराध किया कबूल
सूचना मिलते ही उद्योग विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल युवती को तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं, आरोपी विपिन के पास से देसी कट्टा और कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में उसने अपना अपराध कबूल कर लिया है और बताया कि “शिवांगी के शादी से इनकार करने के बाद वह खुद पर काबू नहीं रख सका।
कई धाराओं में केस दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर भेजने की तैयारी की जा रही है। फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस वारदात की योजना में कोई और शामिल था या नहीं।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग यही कह रहे हैं प्यार में पागलपन, अब जानलेवा रूप ले चुका है।
ये भी पढ़े – देश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश, बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती तूफान

