होम = State = हरियाणा = ‘अब और नहीं सह सकता…’ हरियाणा के एक और ASI ने की खुदकुशी, पत्नी पर लगाए आरोप

‘अब और नहीं सह सकता…’ हरियाणा के एक और ASI ने की खुदकुशी, पत्नी पर लगाए आरोप

Haryana News: हरियाणा पुलिस में आत्महत्याओं की कड़ी थमने का नाम नहीं ले रही है। रेवाड़ी जिले के जैनाबाद गांव में शुक्रवार सुबह एक और दर्दनाक घटना सामने आई, जहां गुरुग्राम पुलिस में तैनात ASI कृष्ण यादव (40) ने फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। यह घटना प्रदेश में बीते 11 दिनों में तीसरे पुलिसकर्मी की खुदकुशी का मामला है, जिसने पूरे विभाग को झकझोर दिया है।

जानकारी के अनुसार, ASI कृष्ण यादव छुट्टी पर अपने पैतृक गांव जैनाबाद आए हुए थे। शुक्रवार सुबह जब परिजन कमरे में पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़ा गया तो कृष्ण यादव फंदे से लटके मिले। मौके से 12 पेज का सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसमें उन्होंने अपनी पत्नी इंदू और ससुराल पक्ष के तीन अन्य सदस्यों को आत्महत्या का जिम्मेदार बताया।

12 पेज का सुसाइड नोट

सुसाइड नोट में कृष्ण यादव ने लिखा “अब और नहीं सह सकता… लगातार मानसिक प्रताड़ना और झूठे आरोपों ने मुझे तोड़ दिया है।” बताया गया कि वे लंबे समय से घरेलू तनाव और वैवाहिक कलह से परेशान थे। कृष्ण यादव ने वर्ष 2004 में हरियाणा पुलिस में सिपाही के रूप में भर्ती होकर सेवा शुरू की थी। अपनी मेहनत और ईमानदारी से उन्होंने एएसआई पद तक का सफर तय किया। वे वर्तमान में गुरुग्राम पुलिस के एस्कॉर्ट गारद में तैनात थे। परिवार में उनकी पत्नी इंदू, जो दिल्ली में अध्यापिका हैं, और दो छोटे बच्चे हैं।

पुलिस ने दी जानकारी

मृतक के पिता नरदेव यादव की शिकायत पर पुलिस ने कृष्ण यादव की पत्नी सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। चौकी इंचार्ज रजनीश कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला घरेलू तनाव से जुड़ा प्रतीत होता है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है। इससे पहले 7 अक्तूबर को आईपीएस अधिकारी पूरण कुमार ने चंडीगढ़ में गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी, जबकि 14 अक्तूबर को रोहतक के एएसआई संदीप लाठर ने खेत में बने कमरे में खुद को गोली मार ली थी। लगातार तीन पुलिसकर्मियों की आत्महत्याओं ने पूरे पुलिस महकमे को गहरे सदमे में डाल दिया है।

ये भी पढ़े:  पाकिस्तान-तालिबान के बीच भिड़ंत, रातभर गूंजती रहीं गोलियों की आवाज, चौकियां तबाह, टैंक उड़ाया गया

Tags :