Faridabad AC Blast : फरीदाबाद की ग्रीन फील्ड कॉलोनी से AC के फटने के कारण एक दर्दनाक घटना सामने आई है। घटना में एक ही परिवार के 3 लोगों की जान चली गई। बता दें कि रविवार को देर रात अचानक एक जोरदार धमाके की आवाज आई। घर के पहली मंजिल पर लगे स्प्लिट एसी में विस्फोट होने से आग लग गई। देखते ही देखते धुएं ने पूरे घर को भर दिया।
दम घुटने से पति सचिन कपूर, उनकी पत्नी रिंकू कपूर और बेटी सुजान कपूर की मौत हो गई, जबकि इस हादसे में उनका पालतू कुत्ता भी नहीं बच पाया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड
फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर तो काबू पा लिया, पर तब तक बहुत देर हो चुकी थी। आग से घर का काफी हिस्सा जल गया था और दम घुटने से तीन लोग अपनी जान गंवा चुके थे।
सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने का कारण एसी का फटना और शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। फिलहाल, पुलिस गहनता से जांच कर रही है और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे बिजली के उपकरणों का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतें और कोई खराबी होने पर तुरंत उसकी जांच कराएं।
ये भी पढ़े : रात को करवटें बदलना बंद करें, इन आदतों से आएगी चैन की नींद

