Delhi Double Murder: देश की राजधानी दिल्ली के पॉश इलाके चित्तरंजन पार्क में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। तारा अपार्टमेंट में रहने वाले एक पड़ोसी ने ही अपने ही बिल्डिंग के परिवार पर हमला कर दिया, जिसमें पिता और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
कैसे हुई वारदात?
घटना गुरुवार शाम की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, आरोपी करीब 7 बजे पीड़ित परिवार के घर पहुंचा। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच बहस हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। गुस्से में आकर आरोपी ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में 62 वर्षीय राकेश सूद और उनके 27 वर्षीय बेटे करण सूद ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, परिवार का एक अन्य सदस्य राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल से खुला मामला
रात करीब 9:30 बजे Max Super Speciality Hospital से पुलिस को सूचना मिली कि तीन लोगों को घायल हालत में लाया गया है। डॉक्टरों ने जांच के बाद पिता और बेटे को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल युवक का इलाज जारी है।
पैसों का विवाद बना खून की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक परिवार प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। आरोपी के साथ उनका पहले से पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश ने इस खौफनाक वारदात का रूप ले लिया, जहां एक पड़ोसी ही कातिल बन बैठा।
आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने तेजी दिखाते हुए उसकी पहचान आसद के रूप में की और उसे गिरफ्तार कर लिया। दिल्ली पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
इलाके में दहशत का माहौल
इस दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में डर और सन्नाटा पसरा हुआ है। लोग अब अपने ही आसपास के लोगों पर भरोसा करने से पहले सोचने लगे हैं। यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि क्या निजी विवाद इतने खतरनाक हो सकते हैं कि इंसानियत ही खत्म हो जाए?
ये भी पढ़ें: नौकरी के नाम पर जाल, फिर शोषण का खेल! नासिक में कारोबारी का चेहरा बेनकाब, 87 वीडियो ने खोली पोल

