होम = State = दिल्ली के शालीमार बाग में युवती की संदिग्ध मौत, पंखे से लटका मिला शव

दिल्ली के शालीमार बाग में युवती की संदिग्ध मौत, पंखे से लटका मिला शव

राजधानी दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में 18 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई है. युवती का शव एक फ्लैट में पंखे से लटका मिला. घटना के बाद परिवार ने हत्या की आशंका जताई है और शरीर पर चोट के निशान होने का दावा किया है. फिलहाल पुलिस और एफएसएल टीम मामले की जांच में जुटी हैं.

फ्लैट में मिला युवती का शव

मृतका की पहचान राधिका के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ आजादपुर इलाके में किराए के मकान में रहती थी. बताया जा रहा है कि वह शालीमार बाग के एडी ब्लॉक स्थित एक फ्लैट में केयरटेकर का काम करती थी. घटना वाले दिन भी वह रोज की तरह काम पर गई थी.

कुछ देर बाद परिवार को फोन पर सूचना मिली कि राधिका ने फांसी लगा ली है. खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे. वहां उन्होंने राधिका का शव पंखे से लटका देखा. परिवार का कहना है कि घर का गेट खुला था, जबकि अंदर से कुंडी लगी होने की बात कही गई थी.

परिवार ने जताई हत्या की आशंका

राधिका के भाई जोतपाल सिंह ने इस घटना को संदिग्ध बताया है. उनका कहना है कि राधिका के शरीर पर चोट और मारपीट के निशान दिखाई दे रहे थे. परिवार का आरोप है कि युवती के मुंह से खून भी निकल रहा था, जिससे उन्हें हत्या की आशंका हो रही है.

परिजनों ने दावा किया कि पहले राधिका के साथ मारपीट की गई और बाद में उसे फंदे से लटका दिया गया. हालांकि अभी तक परिवार की ओर से किसी के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है.

पुलिस जांच में जुटी

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी.

परिवार ने मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. वहीं पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है.