होम = State = दिल्ली में प्रदूषण से लड़ाई की तैयारी, राजधानी में बनेंगे 100 ऑक्सीजन पार्क

दिल्ली में प्रदूषण से लड़ाई की तैयारी, राजधानी में बनेंगे 100 ऑक्सीजन पार्क

Oxygen Park in Delhi : दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को कम करने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाने का फैसला किया है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी में 100 ऑक्सीजन पार्क विकसित करने की घोषणा की है. इस योजना का उद्देश्य लोगों को स्वच्छ वातावरण देना, हरियाली बढ़ाना और दिल्ली की वायु गुणवत्ता में सुधार करना है.

इस अभियान की शुरुआत उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी स्थित मुखमेलपुर गांव से की गई है, जहां तीन एकड़ जमीन पर पहला ऑक्सीजन पार्क बनाया जाएगा. सरकार का कहना है कि इन पार्कों में बड़ी संख्या में फलदार और छायादार पेड़ लगाए जाएंगे, ताकि लोगों को स्वच्छ हवा मिलने के साथ पक्षियों को भी सुरक्षित वातावरण मिल सके.

70 लाख पेड़ लगाने का लक्ष्य

दिल्ली सरकार ने प्रदूषण नियंत्रण अभियान के तहत राजधानी में 70 लाख से अधिक पेड़ और झाड़ियां लगाने का लक्ष्य तय किया है. सरकार का मानना है कि बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण से गर्मी और प्रदूषण दोनों पर असर पड़ेगा.

पार्कों में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

ऑक्सीजन पार्कों को सिर्फ हरित क्षेत्र नहीं बल्कि हेल्थ और कम्युनिटी सेंटर के रूप में भी विकसित किया जाएगा. इन पार्कों में वॉकिंग ट्रैक, बैठने के लिए हट, आकर्षक तालाब, लाइटिंग और योग व सामुदायिक गतिविधियों के लिए खुले स्थान बनाए जाएंगे.

बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए भी विशेष सुविधाएं विकसित की जाएंगी ताकि लोग सुबह-शाम सैर और स्वास्थ्य गतिविधियों का लाभ उठा सकें. मुखमेलपुर पार्क से जिंदपुर, बख्तावरपुर, हिरंकी समेत आसपास के हजारों लोगों को फायदा मिलने की उम्मीद है.

Tags :