होम = State = उत्तर प्रदेश = ट्रेन में मिला संदिग्ध बैग, खोलते ही सामने आई युवती की लाश के टुकड़े

ट्रेन में मिला संदिग्ध बैग, खोलते ही सामने आई युवती की लाश के टुकड़े

Lucknow train body found case: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां गोमतीनगर एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में एक महिला का सिर कटा हुआ शव मिला है। यह घटना उस समय सामने आई जब ट्रेन छपरा से लखनऊ पहुंची और सफाई के दौरान S1 कोच में बर्थ के नीचे एक संदिग्ध बॉक्स और बैग बरामद हुआ, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।

शव का सिर गायब होने से नहीं हो सकी है पहचान

लखनऊ रेलवे एसपी रोहित मिश्रा ने बताया कि छपरा से गोरखपुर होते हुए गोमतीनगर जाने वाली ट्रेन की नियमित जांच के दौरान स्लीपर कोच में एक संदिग्ध बॉक्स और बैग मिला। सूचना मिलते ही स्टेशन मास्टर ने RPF और GRP को इसकी जानकारी दी। जांच में बॉक्स के अंदर एक शव का धड़ पाया गया, जबकि हाथ-पैर अलग-अलग पॉलिथीन बैग में पैक थे। शव की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है और पहचान अभी नहीं हो सकी है क्योंकि सिर गायब है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, FIR दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं।

जांच के लिए तीन टीमें गठित

GRP ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने महिला की पहचान, ट्रेन के रूट में आने वाले सभी स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमें गठित की हैं। ये टीमें अलग-अलग एंगल से मामले की जांच कर रही हैं ताकि जल्द से जल्द आरोपियों तक पहुंचा जा सके।