होम = खेल = क्रिकेट = विश्व कप जीत का इनाम! संजू सैमसन बने ICC ‘प्लेयर ऑफ द मंथ’, तीन पारियों ने बदल दी किस्मत

विश्व कप जीत का इनाम! संजू सैमसन बने ICC ‘प्लेयर ऑफ द मंथ’, तीन पारियों ने बदल दी किस्मत

Sanju Samson ICC Player of the Month Winner: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन के शानदार प्रदर्शन को बड़ा सम्मान मिला है। उन्हें मार्च 2026 के लिए ICC ‘प्लेयर ऑफ द मंथ’ चुना गया है। यह अवॉर्ड उन्हें टी20 विश्व कप में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए दिया गया, जहां उन्होंने लगातार तीन मैचों में यादगार पारियां खेलकर भारत को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई।

तीन पारियां एक खिताब

टी20 विश्व कप 2026 में सैमसन ने दबाव के हर मौके पर टीम को संभाला। क्वार्टर फाइनल में वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्होंने नाबाद 97 रन बनाकर भारत को सेमीफाइनल में पहुंचाया। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में 89 रनों की दमदार पारी खेली। फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ भी उन्होंने 89 रन बनाकर जीत की नींव रखी। इन लगातार तीन मैच-विजयी पारियों ने उन्हें टूर्नामेंट का सबसे बड़ा सितारा बना दिया। शानदार प्रदर्शन के चलते उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ भी चुना गया।

कड़ी टक्कर में जीता खिताब

मार्च महीने के इस अवॉर्ड के लिए जसप्रीत बुमराह और दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज कॉनर एस्टरहुइज़न भी नामांकित थे। खास बात यह रही कि बुमराह टी20 विश्व कप फाइनल में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ रहे थे, लेकिन सैमसन ने अपने निरंतर प्रदर्शन के दम पर यह सम्मान अपने नाम कर लिया।

सैमसन ने जताई खुशी

इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए सैमसन ने कहा कि यह उनके करियर के सबसे खास पलों में से एक है। उन्होंने टीम के साथियों और कोचिंग स्टाफ का आभार जताते हुए कहा कि उनके समर्थन के बिना यह संभव नहीं था। साथ ही उन्होंने भारतीय क्रिकेट में मौजूद प्रतिभा की तारीफ करते हुए कहा कि यह टीम के लिए बेहद रोमांचक दौर है।

भारत के लिए ऐतिहासिक पल

टी20 विश्व कप में भारत की जीत और सैमसन का प्रदर्शन क्रिकेट इतिहास के यादगार अध्यायों में शामिल हो गया है। उनकी बल्लेबाजी ने न सिर्फ टीम को खिताब दिलाया, बल्कि उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान भी दी। संजू सैमसन का यह सफर संघर्ष से सफलता तक की एक शानदार कहानी है, जिसने उन्हें दुनिया के सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों की कतार में खड़ा कर दिया है।

ये भी पढ़ें: ICC का बड़ा फैसला: महिला T20 विश्व कप 2026 में खिलाड़ियों पर होगी पैसों की बारिश