होम = Cover Story Top = पहले बल्ले से वार, फिर गेंद से प्रहार, CSK का दमदार शो, MI की पूरी तरह किया ढेर

पहले बल्ले से वार, फिर गेंद से प्रहार, CSK का दमदार शो, MI की पूरी तरह किया ढेर

IPL 2026 MI vs CSK: आईपीएल 2026 के रोमांचक मुकाबले में Chennai Super Kings ने Mumbai Indians को एकतरफा अंदाज में हराकर बड़ा संदेश दिया है। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मैच में चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 207 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया और फिर मुंबई को सिर्फ 104 रन पर समेटकर 103 रन से शानदार जीत दर्ज की।

चेन्नई के बल्लेबाजों ने मचाया तूफान

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का मुंबई का फैसला पूरी तरह उल्टा पड़ गया। चेन्नई के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए और विपक्षी गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। इस मुकाबले के हीरो रहे Sanju Samson, जिन्होंने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 101 रन ठोके। 54 गेंदों की अपनी पारी में उन्होंने चौकों और छक्कों की बारिश कर दी और मुंबई के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। उनका स्ट्राइक रेट 180 से ऊपर रहा, जो उनकी आक्रामकता को साफ दिखाता है।

मुंबई की बिखरी बल्लेबाजी

संजू को रुतुराज गायकवाड़, डेवाल्ड ब्रेविस और कार्तिक शर्मा का भी अच्छा साथ मिला, जिससे चेन्नई की टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल रही।जवाब में मुंबई की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई। पावरप्ले में ही टीम ने अहम विकेट गंवा दिए, जिससे दबाव लगातार बढ़ता गया। तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव ने पारी संभालने की कोशिश जरूर की, लेकिन लक्ष्य बड़ा होने के कारण वे टीम को संभाल नहीं सके।

गेंदबाजों की भूमिका भी अहम

चेन्नई की जीत में गेंदबाजों की भूमिका भी अहम रही। खासकर अकील हुसैन और नूर अहमद ने अपनी फिरकी से मुंबई की बल्लेबाजी को तहस-नहस कर दिया। अकील ने 4 विकेट लेकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया, जबकि नूर ने भी महत्वपूर्ण विकेट झटके। बाकी गेंदबाजों ने भी अनुशासित गेंदबाजी करते हुए मुंबई को संभलने का मौका नहीं दिया। पूरी टीम 19 ओवर में सिमट गई, जो इस मुकाबले के एकतरफा होने की गवाही देता है।

इस जीत के साथ चेन्नई सुपर किंग्स ने टूर्नामेंट में अपनी तीसरी जीत दर्ज की और प्लेऑफ की दौड़ में खुद को मजबूत कर लिया है। वहीं मुंबई इंडियंस को इस करारी हार के बाद अपनी रणनीति पर फिर से विचार करना होगा।

ये भी पढ़ें: CSK की मुश्किलें बढ़ीं: आयुष म्हात्रे IPL 2026 के बाकी मैच नहीं खेलेंगे