होम = खेल = पाकिस्तानी हमले में अफगान क्रिकेटरों की मौत! राशिद-नबी का फूटा गुस्सा, टीम ने छोड़ी त्रिकोणीय सीरीज

पाकिस्तानी हमले में अफगान क्रिकेटरों की मौत! राशिद-नबी का फूटा गुस्सा, टीम ने छोड़ी त्रिकोणीय सीरीज

Afghanistan Cricket: अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच चल रहे सीमा तनाव ने अब खेल जगत को भी झकझोर दिया है। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने पाकिस्तान और श्रीलंका के साथ होने वाली आगामी त्रिकोणीय टी-20 सीरीज से अपना नाम आधिकारिक तौर पर वापस ले लिया है। यह कदम पाकिस्तान की ओर से की गई हवाई कार्रवाई के बाद उठाया गया है, जिसमें तीन अफगान क्रिकेटरों की मौत हो गई।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तानी विमानों ने शुक्रवार को पक्तिका प्रांत के उरगुन और बरमल जिलों में हवाई हमले किए, जिसमें आठ लोगों की मौत और दस से अधिक घायल हो गए। मरने वालों में दो बच्चे और तीन स्थानीय क्रिकेटर कबीर, सिबघतुल्लाह और हारून शामिल थे। बताया गया कि ये तीनों खिलाड़ी शराना में एक दोस्ताना मैच खेलने के बाद अपने घर लौट रहे थे, जब हमला हुआ।

खेल समुदाय पर सीधा प्रहार

ACB ने बयान जारी करते हुए कहा, “अफगानिस्तान क्रिकेट परिवार अपने बहादुर क्रिकेटरों की शहादत पर गहरा दुख व्यक्त करता है। यह हमला न केवल अमानवीय है बल्कि हमारे खेल समुदाय पर सीधा प्रहार है।” बोर्ड ने इस घटना को ‘कायराना आतंकी कार्रवाई’ बताया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। एसीबी ने साफ कर दिया कि वह नवंबर 2025 में पाकिस्तान में होने वाली त्रिकोणीय सीरीज में हिस्सा नहीं लेगा। बयान में कहा गया, “यह निर्णय शहीद खिलाड़ियों के प्रति सम्मान और अफगान जनता की भावनाओं को ध्यान में रखकर लिया गया है।”

आधिकारिक तौर पर नाम वापसी

इधर, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने पहले ही आईसीसी (ICC) को पत्र लिखकर यह आशंका जताई थी कि अफगानिस्तान इस विवाद के कारण टूर्नामेंट से हट सकता है। अब जब ACB ने आधिकारिक तौर पर नाम वापसी की घोषणा कर दी है, तो ICC और PCB को तय करना होगा कि अफगानिस्तान की जगह किस टीम को शामिल किया जाए। इस घटना के बाद अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “निर्दोष नागरिकों और हमारे क्रिकेटरों की मौत बेहद दुखद है। यह हमला मानवता के खिलाफ है। मैं ACB के फैसले का पूरा समर्थन करता हूं, हमारी गरिमा किसी भी टूर्नामेंट से ऊपर है।”

अफगान क्रिकेट इतिहास का काला दिन

पूर्व कप्तान मोहम्मद नबी ने इसे “अफगान क्रिकेट इतिहास का सबसे काला दिन” बताया। वहीं तेज गेंदबाज फजलहक फारूकी ने कहा, “जो युवा खिलाड़ी कल देश का नाम ऊँचा करने का सपना देख रहे थे, आज वही मिट्टी में समा गए। यह अत्यंत शर्मनाक और निंदनीय कृत्य है।” 17 से 29 नवंबर तक रावलपिंडी और लाहौर में होने वाली इस सीरीज से अफगानिस्तान की वापसी ने न सिर्फ खेल जगत को हिला दिया है, बल्कि दोनों देशों के राजनयिक संबंधों पर भी गहरा असर डाल दिया है। अफगान क्रिकेट जगत ने एक सुर में कहा “खेल सम्मान से बड़ा नहीं।”

ये भी पढ़े:  पहाड़ों में बर्फबारी से दिल्ली-एनसीआर और यूपी-बिहार में बढ़ेगी ठंड, दक्षिण भारत में झमाझम बारिश का अलर्ट