Delhi Rain Today: दिल्ली में भीषण गर्मी और तपती हवाओं के बीच शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज धूलभरी आंधी और जोरदार बारिश ने लोगों को गर्मी से बड़ी राहत दी। मौसम विभाग के मुताबिक मौसम बदलने के साथ तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। आंधी-तूफान के कारण विजिबिलिटी घटकर 1500 मीटर रह गई, जबकि सुबह 7:30 बजे यह 3500 मीटर थी। नई दिल्ली के पूसा इलाके में सबसे तेज 81 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं, जबकि पालम में 56 किमी प्रति घंटा और प्रगति मैदान में 35 किमी प्रति घंटा की रफ्तार दर्ज की गई।
IMD ने ऑरेंज अलर्ट किया जारी
मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले दो घंटों के दौरान कई इलाकों में धूल भरी आंधी, तेज बारिश और गरज-चमक के साथ तूफान देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान हवाओं की रफ्तार 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

