होम = News Top = कोचिंग सेंटर पर हमले को लेकर आया खान सर का रिएक्शन, कहा- पड़ोसी कोचिंग संचालकों ने चलवाईं गोलियां

कोचिंग सेंटर पर हमले को लेकर आया खान सर का रिएक्शन, कहा- पड़ोसी कोचिंग संचालकों ने चलवाईं गोलियां

by | Jun 3, 2026 | News Top, बिहार

Patna Coaching Center Firing: पटना में स्थित खान सर कोचिंग सेंटर पर मंगलवार (2 जून) को अंधाधुंध फायरिंग की घटना सामने आई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि कोचिंग सेंटर पर करीब 10 से 12 राउंड गोलियां चलाई गईं, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। घटना के बाद खान सर ने पड़ोसी कोचिंग संचालकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

खान सर ने लगाया आरोप, बोले- कम फीस और बेहतर रिजल्ट से नाराज थे प्रतिद्वंद्वी

खान सर ने आरोप लगाया कि इस वारदात को बगल के कोचिंग संचालकों ने अंजाम दिलाया है। उनका कहना है कि कम फीस लेने और बेहतर परिणाम देने को लेकर उन्हें लगातार निशाना बनाया जा रहा है। खान सर ने यह भी कहा कि उनके कोचिंग सेंटर को दो दिनों के भीतर उड़ाने की धमकी दी गई थी। हालांकि, इस मामले में यह भी चर्चा है कि खान सर और एक प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान के बीच वर्चस्व को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसके चलते इस गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया।

फायरिंग के बाद कोचिंग सेंटर बंद, सड़क पर उतरे छात्र और बढ़ी सुरक्षा चिंता

पटना में चर्चित शिक्षक खान सर के कोचिंग सेंटर पर हुई गोलीबारी और तोड़फोड़ की घटना के बाद छात्रों में आक्रोश देखने को मिला है। बड़ी संख्या में छात्र कोचिंग सेंटर के बाहर सड़क पर इकट्ठा हो गए। इस बीच बुधवार (3 जून) को कोचिंग संस्थान को बंद रखने का निर्णय लिया गया है। बताया जा रहा है कि फिलहाल सुरक्षा कारणों के चलते कोचिंग कुछ दिनों तक बंद रह सकता है।

फायरिंग और तोड़फोड़ के बाद कोचिंग परिसर में बढ़ाई गई सुरक्षा

वहीं, खान सर की कोचिंग पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और कई पुलिसकर्मियों को बिल्डिंग के बाहर तैनात किया गया है। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि घटना में कौन लोग शामिल थे और इसके पीछे की असल वजह क्या थी। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। बताया जा रहा है कि मंगलवार (2 जून) रात करीब 10:55 बजे कुछ लोग कोचिंग परिसर में घुसे थे और मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया। इस दौरान 10 से 12 लोगों ने ऑफिस में तोड़फोड़ की, बैनर-पोस्टर फाड़े और ईंट-पत्थर भी चलाए।