Iran war ceasefire Update: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया है कि पाकिस्तान की अपील के बाद ईरान के साथ जारी सीजफायर को आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा कि ईरान में इस समय नेतृत्व और राजनीतिक स्तर पर एकजुटता की कमी है, जिसके चलते वहां स्थिति जटिल बनी हुई है। ट्रम्प के मुताबिक, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख की अपील के बाद अमेरिका ने फिलहाल हमले रोकने का निर्णय लिया है, ताकि ईरान को साझा प्रस्ताव तैयार करने के लिए समय मिल सके। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अमेरिकी सेना पूरी तरह अलर्ट पर है और ईरान पर दबाव बनाए रखने के लिए नाकेबंदी जारी रहेगी।
अमेरिका-ईरान के बीच पिछली वार्ता रही थी विफल
अमेरिका और ईरान के बीच 11-12 अप्रैल को जंग खत्म करने को लेकर 21 घंटे तक बातचीत चली थी। लेकिन इसका कोई नतीजा नहीं निकला। अमेरिका का कहना था कि उन्हें ईरान से भरोसा चाहिए कि वे न तो परमाणु हथियार बनाएगा और न ही ऐसी तैयारी करेगा जिससे वह जल्दी हथियार बना सके। ईरान यह यकीन देने को तैयार नहीं हुआ।
‘देश गरिमा’ टैंकर कच्चा तेल लेकर आज मुंबई पहुंचेगा
कच्चे तेल का टैंकर ‘देश गरिमा’ बुधवार को मुंबई तट पर पहुंचने वाला है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार इस जहाज में 31 भारतीय क्रू मेंबर सवार हैं। यह टैंकर 18 अप्रैल को सुरक्षित रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य को पार कर चुका है। अरब सागर में इसकी सुरक्षा के लिए भारतीय नौसेना एस्कॉर्ट कर रही है। 28 फरवरी से जारी संघर्ष के बाद अब तक कुल 11 भारतीय टैंकर होर्मुज से सुरक्षित निकल चुके हैं। विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को दावा किया कि होर्मुज में सभी 14 भारतीय जहाज सुरक्षित हैं। इन पर पिछले 24 घंटे के दौरान हमले की कोई भी घटना नहीं हुई है।
ची ने सीज़ हुए जहाच पर दी प्रतिक्रिया
चीन ने कहा है कि ओमान की खाड़ी में अमेरिका के सीज किए गए जहाज टूस्का से उसका कोई वास्ता नहीं है। अमेरिका ने रविवार रात यह जहाज सीज किया था। ट्रम्प का आरोप है कि ये जहाज चीन की ओर से ईरान को ‘गिफ्ट’ लेकर जा रहा था। ट्रम्प का इशारा जहाज में हथियार लदे होने से था।

