Raveena Tandon News: बॉलीवुड अभिनेत्री रवीना टंडन के परिवार से जुड़ा एक चोरी का मामला सामने आया है। आरोप है कि उनकी मां के घर से करीब 25 लाख रुपये की ज्वेलरी और महंगी घड़ियां चोरी कर ली गईं। मामले की जांच के बाद जुहू पुलिस ने 47 वर्षीय राशि छाबड़िया को गिरफ्तार किया है, जिस पर परिवार का भरोसा जीतकर कीमती सामान चुराने का आरोप है। पुलिस अब चोरी किए गए सामान की बरामदगी और मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
परिवार का भरोसा जीतकर की चोरी
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार की गई आरोपी महिला वर्ष 2020 से टंडन परिवार के संपर्क में थी और रवीना टंडन की मां की देखभाल के लिए अक्सर उनके घर आती-जाती थी। वह खाना बनाने के साथ-साथ 86 वर्षीय बुजुर्ग महिला की देखरेख में भी मदद करती थी। इसी दौरान उसने धीरे-धीरे परिवार का भरोसा हासिल कर लिया। जांच में सामने आया है कि घर में रखे गहने एक लॉकर में सुरक्षित थे, लेकिन आरोपी ने कथित तौर पर लॉकर को तोड़कर उसमें रखी ज्वेलरी और दो महंगी घड़ियां चुरा लीं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और चोरी किए गए सामान की बरामदगी का प्रयास कर रही है।
गहने लौटाने के बजाय दी धमकी, तब दर्ज हुई शिकायत
परिवार को जब यह भरोसा हो गया कि गायब हुए गहने वापस नहीं मिलने वाले हैं, तब आरोपी महिला के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपी राशि छाबड़िया ने कथित तौर पर परिवार के सदस्य राजीव को धमकी भी दी थी। आरोप है कि उसने कहा था कि यदि गहने लौटाने के लिए उस पर दबाव बनाया गया तो वह उन्हें झूठे नशीले पदार्थों के मामले में फंसा देगी। वहीं परिवार को पिछले साल 2 अक्टूबर को दशहरा से पहले गहनों की जांच के दौरान पता चला कि लॉकर में रखे कीमती जेवर गायब हैं, जिसके बाद मामले की पड़ताल शुरू की गई।

