होम = News Featured = 1 जून से कमर्शियल गैस सिलेंडर महंगा, कीमतों में ₹53.50 तक की बढ़ोतरी

1 जून से कमर्शियल गैस सिलेंडर महंगा, कीमतों में ₹53.50 तक की बढ़ोतरी

LPG price hike: आज 1 जून से एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि यह बढ़ोतरी केवल 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर पर लागू हुई है। एएनआई के मुताबिक सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार दामों में 53.50 रुपये तक का इजाफा किया गया है और नए रेट 1 जून 2026 से प्रभावी हो गए हैं। दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 42 रुपये की बढ़ोतरी के बाद इसका नया दाम 3113.50 रुपये पहुंच गया है।

घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं, पुरानी दरें ही लागू

14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में किसी तरह की बढ़ोतरी नहीं की गई है। इसकी कीमत में आखिरी बदलाव 7 मार्च 2026 को हुआ था, जब दामों में 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) की वेबसाइट के मुताबिक, बिना सब्सिडी वाला घरेलू एलपीजी सिलेंडर फिलहाल दिल्ली में 913 रुपये में मिल रहा है। वहीं मुंबई में इसकी कीमत 912.50 रुपये, कोलकाता में 939 रुपये और चेन्नई में 928.50 रुपये दर्ज की गई है। राज्यवार वैट और लोकल सेल्स टैक्स के कारण अलग-अलग शहरों में रेट में मामूली अंतर देखने को मिलता है।

ईंधन सुरक्षा को लेकर सरकार का बड़ा बयान, 30 दिनों के LPG भंडार पर जोर

बीते दिनों पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि सरकार देश में ईंधन सुरक्षा को मजबूत करने के लिए रणनीतिक भंडारों पर लगातार काम कर रही है, ताकि किसी भी स्थिति में आपूर्ति बाधित न हो। उन्होंने बताया कि सरकार जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए भी सख्त कदम उठा रही है। एक अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग के दौरान उन्होंने कहा कि ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) को निर्देश दिए गए हैं कि उनके पास कम से कम 30 दिनों का LPG भंडार सुनिश्चित हो, जिस पर कंपनियां तेजी से काम कर रही हैं। इसके साथ ही कच्चे तेल के भंडारण को मजबूत करने की दिशा में भी प्रयास जारी हैं।

Tags : LPG