होम = News Big = फतेहगढ़ साहिब में बैसाखी मेले से लौट रहे श्रद्धालुओं की बस पलटी, 6 की मौत

फतेहगढ़ साहिब में बैसाखी मेले से लौट रहे श्रद्धालुओं की बस पलटी, 6 की मौत

by | Apr 15, 2026 | News Big, पंजाब

Devotees Bus Overturns in Fatehgarh Sahib: पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में मंगलवार देर रात श्रद्धालुओं से भरी एक बस हादसे का शिकार हो गई। बस बिजली के खंभे से टकराकर पलट गई, जिससे 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 22 यात्री घायल हो गए। यह हादसा बस्सी पठाना इलाके के पास गांव हिम्मतपुरा में हुआ, जहां करीब 40 श्रद्धालु सवार थे। सभी यात्री मैण माजरी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। आरोप है कि घटना की सूचना के बाद भी राहत और बचाव कार्य में देरी हुई, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।

तकनीकी खराब के चलते बस हुई बेकाबू

रिपोर्ट के मुताबिक, फतेहगढ़ साहिब में बैसाखी के अवसर पर लगे मेले को देखने के बाद गांव के लोग रात में बस से लौट रहे थे। इसी दौरान बस में तकनीकी खराबी आ गई, जिससे वह अनियंत्रित हो गई। बेकाबू बस बिजली के एक खंभे से टकराकर पलट गई और हादसे के बाद उसमें करंट उतरने से स्थिति और भयावह हो गई। मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में एक महिला समेत छह लोगों की मौत हुई है, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने राहत एवं बचाव किया शुरू

रिपोर्ट के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। हालांकि, एंबुलेंस पहुंचने में देरी होने के कारण ग्रामीणों की मदद से ही घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। बस में आई तकनीकी खराबी के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं, बठिंडा से शिरोमणि अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने इस हादसे पर गहरा दुख जताते हुए सोशल मीडिया के जरिए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।