International Trade Show : उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) में इस बार कुछ खास और देसी स्वाद का तड़का देखने को मिला। महोबा की रहने वाली मयंकिता चौरसिया ने देसावरी पान से बने अनोखे और शुगर फ्री उत्पादों के साथ इस भव्य आयोजन में भाग लिया। उनके स्टॉल पर देसावरी पान की खास खुशबू और स्वाद ने लोगों को आकर्षित किया।
देसावरी पान की नई पहचान
मयंकिता ने ट्रेड शो में पान से बने गुलकंद, लड्डू, चॉकलेट, मुखवास और शरबत जैसे उत्पाद पेश किए, जो पूरी तरह से ऑर्गेनिक हैं। खास बात यह रही कि इन उत्पादों में शक्कर की बजाय शहद और मिसरी का इस्तेमाल किया गया है, जिससे ये शुगर फ्री बन गए हैं।
मुंह में घुल जाने वाला स्वाद
मयंकिता के मुताबिक, देसावरी पान की विशेषता यह है कि यह मुंह में रखते ही घुल जाता है और इसे खाने के बाद करीब आधे घंटे तक प्यास नहीं लगती। यह न केवल स्वादिष्ट है, बल्कि पाचन में भी मददगार है। यही कारण है कि लोग इसे खाने के बाद खाना पचाने के लिए भी पसंद करते हैं।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पहचान
यह पहला मौका नहीं है जब मयंकिता ने अपने उत्पादों को लोगों के सामने पेश किया हो। इससे पहले वह विजयवाड़ा, कश्मीर, पुरी, दिल्ली के प्रगति मैदान और अन्य स्थानों पर अपने स्टॉल लगा चुकी हैं। वर्ष 2024 में विजयवाड़ा में आयोजित भारत जीआई महोत्सव में उनके पान से बने उत्पादों को प्रथम पुरस्कार भी मिल चुका है।
PM मोदी द्वारा उद्घाटन किया
ट्रेड शो का उद्घाटन स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया और उन्होंने महिलाओं द्वारा लगाए गए कुछ स्टॉलों का निरीक्षण भी किया। हालांकि मयंकिता की प्रधानमंत्री से सीधी बातचीत नहीं हो सकी, लेकिन उन्होंने अपने स्टॉल पर आए लोगों को देसावरी पान की विरासत और गुणों के बारे में जानकारी दी।
येे भी पढ़े – UP International Trade Show: पीएम ने किया उद्घाटन, कहा- ‘UP सबसे अधिक इंटरनेशनल….’
महोबा के पारंपरिक देसावरी पान (International Trade Show) को आधुनिक स्वाद और स्वास्थ्य के साथ जोड़ते हुए मयंकिता चौरसिया ने साबित किया है कि भारत की सांस्कृतिक धरोहर को नवाचार के साथ पेश किया जा सकता है। उनके शुगर फ्री पान उत्पाद न केवल स्वास्थ्य के लिहाज से बेहतर हैं, बल्कि देश-विदेश में भारतीय परंपरा की एक नई पहचान भी बना रहे हैं।

