होम = देश = अलकायदा के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़, गुजरात एटीएस ने दिल्ली-नोएडा और गुजरात से 4 आतंकवादी गिरफ्तार

अलकायदा के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़, गुजरात एटीएस ने दिल्ली-नोएडा और गुजरात से 4 आतंकवादी गिरफ्तार

by | Jul 23, 2025 | देश

Gujarat ATS : गुजरात एटीएस (एंटी-टेररिस्ट स्क्वाड) के हाथ बड़ी सफलता हाथ लगी है. टीम ने अल कायदा इन इंडियन सबकॉंटिनेंट (AQIS) से जुड़े एक आतंकवादी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है. इस ऑपरेशन में चार संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार किया गया है. ये आतंकी देशभर में बड़े आतंकी हमले करने की साजिश रच रहे थे, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों के समय पर हस्तक्षेप के कारण उनकी योजना नाकाम हो गई.

4 संदिग्ध आतंकवादी गिरफ्तार

गुजरात एटीएस के अधिकारियों के मुताबिक, इन आतंकवादियों में से दो को गुजरात से, एक को दिल्ली से और एक को नोएडा (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार किया गया है. पकड़े गए आतंकवादियों की पहचान सैफुल्लाह कुरैशी (पिता: मोहम्मद रफीक), मोहम्मद फर्दीन (पिता: मोहम्मद रईस), और मोहम्मद फैक (पिता: मोहम्मद रिजवान) के रूप में हुई है. इनकी उम्र 20 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है.

गुजरात एटीएस द्वारा गिरफ्तार किए गए आतंकियों के बारे में शुरुआती जानकारी में कहा गया कि ये आतंकी बड़ी और घातक आतंकी घटनाओं को अंजाम देने की योजना बना रहे थे. एटीएस के अधिकारियों ने बताया कि इन आतंकियों का नेटवर्क देशभर में फैला हुआ था और ये सब AQIS से जुड़े हुए थे.

बड़ा आतंकी हमला नाकाम

गुजरात एटीएस के डीआईजी,सुनील जोशी के मुताबिक इन आतंकवादियों को भारत में कुछ खास और संवेदनशील ठिकानों को निशाना बनाने के निर्देश दिए गए थे. इन आतंकवादियों की योजना बड़ी आतंकी घटनाओं को अंजाम देने की थी, जो देश में बड़े पैमाने पर जनहानि और तबाही का कारण बन सकती थी. एटीएस अधिकारियों ने यह भी बताया कि इन आतंकवादियों के पास से कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज और सामग्री बरामद की गई है.

सोशल मीडिया के जरिए कनेक्ट थे आतंकवादी

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इन आतंकवादियों ने सोशल मीडिया ऐप्स के माध्यम से आपस में संपर्क किया था. आतंकवादियों के बीच बातचीत और योजना बनाना सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए हुआ था,जिससे सुरक्षा एजेंसियों के लिए उनकी पहचान और कनेक्शन्स को ट्रैक करना चुनौतीपूर्ण था. जांच में यह भी सामने आया कि इन आतंकवादियों का संपर्क सीमा पार स्थित आतंकवादियों से भी था जो पाकिस्तान और अन्य देशों से जुड़े हो सकते हैं.

एटीएस कर रही आगे की जांच

गुजरात एटीएस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां अब इन आतंकवादियों के नेटवर्क, फंडिंग स्रोत, प्रशिक्षण के केंद्र और उनके विदेशी संपर्कों की जांच कर रही हैं. माना जा रहा है कि इन आतंकवादियों के पास विदेशी आतंकवादी नेटवर्क से समर्थन प्राप्त था,जिससे वे अपनी साजिशों को अंजाम देने के लिए आवश्यक संसाधन जुटा रहे थे.

एटीएस का कहना है कि इस ऑपरेशन के बाद कई और गिरफ्तारियों और खुलासों की संभावना बनी हुई है. इस केस को लेकर कई सुराग हाथ लगे हैं, जिनसे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि पाकिस्तान और अन्य देशों से इस आतंकी मॉड्यूल को मदद मिल रही थी.