होम = News Big = लॉरेंस बिश्नोई गैंग की फिर दिखी दहशत, दिल्ली में गुरु रंधावा के जिम पर फायरिंग

लॉरेंस बिश्नोई गैंग की फिर दिखी दहशत, दिल्ली में गुरु रंधावा के जिम पर फायरिंग

Guru Randhawa Gym Firing: राजधानी दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बॉलीवुड और पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा के जिम में देर रात फायरिंग की खबर है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। वहीं, सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट के जरिए लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अनिल पंडित ने फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फायरिंग के पीछे की वजह का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा

फायरिंग की घटना के बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े बताए जा रहे अनिल पंडित ने सोशल मीडिया पोस्ट और एक ऑडियो संदेश जारी कर हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। पोस्ट में कहा गया कि गुरु रंधावा की सलमान खान से बढ़ती नजदीकियों के कारण उनके जिम को निशाना बनाया गया। अनिल पंडित ने लिखा, “आज दिल्ली स्थित 24 HS Fitness (गुरु रंधावा) जिम पर जो फायरिंग हुई है, उसकी जिम्मेदारी मैं, अनिल पंडित यूएसए और लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप लेते हैं।” हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि अभी तक पुलिस की ओर से नहीं की गई है और मामले की जांच जारी है।

सोशल मीडिया पोस्ट में दी गई कथित धमकी

फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा करने वाले सोशल मीडिया पोस्ट में आगे एक कथित धमकी भरा संदेश भी लिखा गया। पोस्ट में कहा गया कि गुरु रंधावा को पहले भी सलमान खान से दूरी बनाने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन उन्होंने इसे नजरअंदाज कर दिया। संदेश में यह भी दावा किया गया कि उनके सभी दुश्मन चाहे कहीं भी छिप जाएं, उनसे जल्द मुलाकात होगी। इस कथित पोस्ट के सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक पोस्ट में किए गए दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।