होम = State = उत्तर प्रदेश = दो बेटियों को जन्म देने की मिली सजा? विवाहिता की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप

दो बेटियों को जन्म देने की मिली सजा? विवाहिता की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप

उत्तर प्रदेश के एटा जिले में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. मृतका के परिजनों ने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि बेटे की चाह पूरी न होने पर उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जाता था. परिवार का आरोप है कि दो बेटियों के जन्म के बाद ससुराल वालों का रवैया पूरी तरह बदल गया था और आखिरकार उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया.

यह मामला अवागढ़ थाना क्षेत्र के नगला रूपी गांव का है. यहां 26 वर्षीय कीर्ति देवी का शव संदिग्ध हालत में घर में फंदे से लटका मिला. घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई. बताया जा रहा है कि कीर्ति की शादी कुछ साल पहले हुई थी और उसके दो छोटी बेटियां हैं. बड़ी बेटी की उम्र करीब डेढ़ साल जबकि छोटी बच्ची अभी महज दो महीने की है.

मृतका के पिता वीरेश ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी पर बेटे को जन्म देने का दबाव बनाया जा रहा था. उन्होंने कहा कि जब कीर्ति ने लगातार दो बेटियों को जन्म दिया तो ससुराल पक्ष उसे ताने देने लगा. आरोप है कि पति समेत परिवार के अन्य लोग उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे. कई बार बेटी ने फोन पर अपनी पीड़ा भी बताई थी, लेकिन परिवार ने रिश्ते बचाने की उम्मीद में मामला शांत कराने की कोशिश की.

परिजनों का कहना है कि बुधवार को कीर्ति के साथ मारपीट की गई थी. इसके बाद उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया ताकि मामला आत्महत्या का लगे. घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके वाले मौके पर पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया.

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. क्षेत्राधिकारी जलेसर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह और फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए. पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी.

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. वहीं इस घटना ने एक बार फिर समाज में बेटे और बेटी के बीच भेदभाव जैसी मानसिकता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Tags : crime