Nagpur explosive Haul: महाराष्ट्र के नागपुर जिले में स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) मुख्यालय से करीब 2 किलोमीटर की दूरी पर विस्फोटक सामग्री का जखीरा मिलने से हड़कंप मच गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, नियमित निगरानी के दौरान संदिग्ध सामग्री देखे जाने के बाद तुरंत बम निरोधक दस्ते और फोरेंसिक टीमों को मौके पर बुलाया गया। इसके बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई और अलर्ट जारी कर दिया गया है। साथ ही, और विस्फोटक मिलने की आशंका को देखते हुए बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
जिलेटिन, डेटोनेटर और कनेक्टर बरामद किए गए
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सुबह सीए रोड स्थित दोसर भवन चौक के एक घर के छोटे गार्डन में विस्फोटक होने की सूचना मिली थी। जांच के दौरान मौके से 15 जिलेटिन छड़ें, 58 डेटोनेटर और 8 कनेक्टर बरामद किए गए। प्रारंभिक अनुमान है कि ये विस्फोटक पिछले करीब डेढ़ महीने से वहां रखे थे। फिलहाल पुलिस ने सभी सामग्री को सुरक्षित तरीके से जब्त कर लिया है और उन्हें जांच के लिए दूसरी जगह भेज दिया है।
मामले में हर एंगल से होगी जांच
पुलिस ने बताया कि यह इलाका बेहद संवेदनशील है। जहां विस्फोटक मिला है, वहां से 200 मीटर दूर जामा मस्जिद, 500 मीटर दूर पोद्दारेश्वर राम मंदिर और 2 किलोमीटर दूर RSS मुख्यालय है। पुलिस ने संभावना जताई है कि हाल में यहां के काटोल इलाके में SBL कंपनी में विस्फोटक हादसा हुआ था, जहां डेटोनेटर समेत अन्य विस्फोटक बनते हैं। ऐसे में यह विस्फोटक कंपनी का बताया जा रहा है।

