होम = Cover Story Big = यूपी पंचायत चुनाव की फाइनल वोटर लिस्ट जारी, 40 लाख नाम हटे

यूपी पंचायत चुनाव की फाइनल वोटर लिस्ट जारी, 40 लाख नाम हटे

UP Panchayat Election: उत्तर प्रदेश पंचायत चुनाव की अंतिम मतदाता सूची 10 जून को जिला स्तर पर जारी कर दी गई है। दावे-आपत्तियों के निस्तारण और सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह सूची प्रकाशित की गई है। राज्य निर्वाचन आयोग ने पहले 18 दिसंबर 2025 को अनंतिम सूची जारी की थी। फाइनल लिस्ट में जहां करीब 1.81 करोड़ नए मतदाता जोड़े गए हैं, वहीं लगभग 1.41 करोड़ नाम हटाए भी गए हैं, जिससे कुल मतदाता संख्या में करीब 40.19 लाख की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि, कई जिलों में सूची डाउनलोड करने में तकनीकी दिक्कतें सामने आ रही हैं, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

यूपी पंचायत चुनाव टलने पर सरकार का बड़ा फैसला

उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव समय पर न हो पाने के कारण ग्राम प्रधानों का कार्यकाल 26 मई को समाप्त होने के बाद राज्य सरकार ने उन्हें अगले छह महीनों तक प्रशासक के रूप में जिम्मेदारी सौंपने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार ने यह कदम प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए उठाया है। साथ ही पंचायत चुनाव में ओबीसी आरक्षण को लेकर पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन किया गया है, जिसे छह महीने के भीतर जिलावार सामाजिक और आर्थिक स्थिति की समीक्षा कर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

HC में लंबित है पंचायत चुनाव का मामला

फिलहाल यूपी पंचायत चुनाव का मामला इलाहाबाद हाईकोर्ट में लंबित है और कोर्ट में ओबीसी कमीशन को जुलाई इस मामले को लेकर अपनी रिपोर्ट देने को कहा है। ओबीसी कमीशन अगर नवंबर तक अपनी रिपोर्ट देगा तो फिर विधानसभा चुनाव के पहले पंचायत चुनाव करना पाना मुश्किल है । मालूम हो कि राज्य का विधानसभा चुनाव फरवरी-मार्च में प्रस्तावित है।