होम = Breaking = वाराणसी में रेलवे की जमीन पर अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन का एक्शन, आधी रात में मजार और मस्जिद हटाई गई

वाराणसी में रेलवे की जमीन पर अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन का एक्शन, आधी रात में मजार और मस्जिद हटाई गई

Varanasi demolition Drive: वाराणसी में मंगलवार आधी रात प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए काशी रेलवे स्टेशन परिसर में स्थित पुरानी ‘अजगैब शहीद मजार’ और उसके साथ बनी मस्जिद को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई रेलवे की जमीन पर प्रस्तावित नए मॉडल स्टेशन के निर्माण कार्य के तहत की गई। मौके पर अधिकारियों की मौजूदगी में सुरक्षा के बीच बुलडोजर चलाकर ढांचे को हटाया गया।

वाराणसी में भारी सुरक्षा के बीच चला प्रशासन का अभियान

मजार और मस्जिद पर बुलडोजर चलाए जाने के दौरान इलाके में भारी पुलिस बल और पीएसी के सैकड़ों जवान तैनात रहे। मौके पर डीसीपी काशी गौरव बंसवाल, एडीसीपी वैभव बांगर, एसीपी विजय प्रताप और कोतवाली एसीपी चेतगंज समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। कार्रवाई के बाद रात में ही मलबे को वाहनों की मदद से मौके से हटा दिया गया। बताया जा रहा है कि इस ढांचे को हटाने का मामला पिछले करीब दो वर्षों से कोर्ट में विचाराधीन था।

कोर्ट के फैसले के बाद रेलवे ने जारी किया था नोटिस, नहीं हुआ पालन

साल 2024 में काशी मॉडल रेलवे स्टेशन की योजना के तहत जब जमीन की पैमाइश की गई, तो वहां अवैध कब्जे का मामला सामने आया। इसके बाद रेलवे ने संबंधित स्थान को खाली करने के लिए नोटिस जारी किया था। मामला अदालत तक पहुंचा, जहां हाल ही में मजार पक्ष के लोग केस हार गए। इसके बाद रेलवे की ओर से दोबारा जमीन खाली करने का निर्देश दिया गया, लेकिन इसका पालन नहीं किया गया। इसी क्रम में आज प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर मजार और मस्जिद को हटाने की कार्रवाई की।