Shooter Sent A Manifesto To Family: डोनाल्ड ट्रंप ने एक इंटरव्यू के दौरान नोरा ओ’डोनल को “शर्मनाक” कहकर संबोधित किया। यह इंटरव्यू 60 Minutes के लिए लिया जा रहा था, जिसमें पत्रकार नोरा ने व्हाइट हाउस कॉरस्पॉन्डेंट्स डिनर में हुई गोलीबारी के संदिग्ध के मैनिफेस्टो का जिक्र किया। बताया गया कि हमलावर ने ट्रंप के एपस्टीन से जुड़े होने का उल्लेख किया था, जिसे पत्रकार ने इंटरव्यू के दौरान उनके सामने पढ़कर सुनाया।
ट्रंप ने सवाल पर दिया रिएक्शन
डोनाल्ड ट्रंप ने जवाब में कहा कि उन्हें पहले से पता था कि नोरा ओ’डोनल यह सवाल उठाएंगी, और इसी वजह से उन्होंने पत्रकारिता पर तीखी टिप्पणी की। ट्रंप ने कहा, “हां, उसने लिखा था, लेकिन मैं न तो बलात्कारी हूं और न ही मैंने किसी का बलात्कार किया है।” उन्होंने आगे कहा कि उन्हें जानबूझकर ऐसे मामलों से जोड़ा जा रहा है जिनसे उनका कोई संबंध नहीं है। ट्रंप के मुताबिक, “तुमने किसी बीमार आदमी की बकवास पढ़ी? मुझे उन चीज़ों से जोड़ा गया जिनसे मेरा कोई लेना-देना नहीं है, और मैं पूरी तरह बरी हो चुका हूं।”
ट्रंप ने कहा- ऐसे बयानों को टीवी पर नहीं पढ़ना चाहिए
डोनाल्ड ट्रंप ने आगे कहा, “मैंने मैनिफेस्टो पढ़ा है, वह एक बीमार आदमी है, लेकिन तुम्हें शर्म आनी चाहिए कि तुमने इसे पढ़ा, क्योंकि मैं वैसा व्यक्ति नहीं हूं।” इस पर नोरा ओ’डोनल ने स्पष्ट किया कि वे शब्द उनके नहीं हैं। हालांकि, ट्रंप ने दोहराया कि ऐसे बयान को टेलीविजन पर नहीं पढ़ा जाना चाहिए था।

