Bus Accident in Kota: राजस्थान के कोटा में बुधवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी एक स्लीपर बस अनियंत्रित होकर पलट गई और डिवाइडर से टकरा गई। हादसा आरके पुरम थाना क्षेत्र के हैंगिंग ब्रिज के पास नया गांव के नजदीक हुआ। इस दर्दनाक घटना में 3 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 35 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि बस पलटने के बाद कुछ यात्री बाहर छिटककर सड़क पर गिर गए, जिन्हें पीछे से आ रहे ट्राले ने कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
ड्राइवर को झपकी आने से बस डिवाइडर से टकराई
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, निजी कंपनी की यह बस अहमदाबाद से बुधवार दोपहर करीब 12 बजे भींड–मुरैना के लिए रवाना हुई थी। रात करीब 12 बजे के आसपास चालक को झपकी आ गई, जिससे उसने बस पर नियंत्रण खो दिया। तेज रफ्तार में चल रही बस पहले एक छोटी पुलिया से टकराई और फिर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में जाकर पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 60 यात्री सवार थे, जो इसकी निर्धारित क्षमता से अधिक थे, जिससे नुकसान और बढ़ गया।
बस का शीशा टूटने से यात्री सड़क पर गिरे
रिपोर्ट के मुताबिक, बस का अगला शीशा टूटने से सामने बैठे यात्री छिटककर बाहर आ गए। उसी दौरान सामने से आ रहे ट्राले चालक ने बस को देखकर इमरजेंसी ब्रेक लगाए। हालांकि, ब्रेक लगने से बस और ट्राले की सीधी टक्कर तो नहीं हुई, लेकिन सड़क पर गिरे यात्री ट्राले की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बस में सवार अधिकतर यात्री मध्य प्रदेश के रहने वाले थे, जबकि ट्राले के चालक और खलासी को इस हादसे में कोई चोट नहीं आई।

