PM Modi-Kharge Meet: डॉ. बीआर अंबेडकर की जयंती के मौके पर संसद परिसर स्थित प्रेरणा स्थल पर सत्ता और विपक्ष के कई नेता एक साथ नजर आए। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मुलाकात खास चर्चा में रही। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे से हाथ मिलाया और हल्की-फुल्की बातचीत के दौरान मुस्कुराते नजर आए। बताया जा रहा है कि खरगे की किसी बात पर पीएम मोदी हंस पड़े, जिससे यह मुलाकात और भी सुर्खियों में आ गई।
वायलर हो रहा है खरगे-पीएम की मुलाकात का वीडियो
सोशल मीडिया X पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मुलाकात की वीडियो वायरल हो रही है। दरअसल मंगलवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पर संसद परिसर के प्रेरणा स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में ये दोनों नेता एक-दूसरे से हाथ मिलाते नज़र आए। जो राजनीतिक गलियारे में चर्चा का विषय बन गया। अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दोनों नेता एक-दूसरे के हैं धुर विरोधी
इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम के वीडियो में कई नेता नज़र आ रहे है। पीएम मोदी ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात के बाद आगे बढ़कर जब मल्लिकार्जुन खरगे से हाथ मिलाया तो कांग्रेस नेता खरगे कुछ कहते हुए नज़र आए। रिएक्शन में पहले पीएम और खरगे के बीच मजाकिया अंदाज में हल्की बात हुई और फिर दोनों मुस्कुराते दिखे। ये नज़ारा भारतीय राजनीति के लिए नजीर पेश कर रहा था। अक्सर दोनों नेताओं को एक-दूसरे के खिलाफ तीखे हमले करते हुए देखा गया है। चाहे वह राजनीतिक मंच हो या फिर संसद का सत्र हो। लेकिन आज का ये नज़ारा सौहार्द का था। जो बताता है कि विरोध की राजनीति के बीच दोस्ती की ऐसी झलक आपको खास बना देती है। राजनीति में आपके मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद नहीं और यही लोकतंत्र की असली ताकत है।

