Petrol Diesel Price Hike: लगातार चौथे दिन पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी ने आम आदमी की चिंता और बढ़ा दी है। 25 मई 2026 को जारी नए रेट्स के मुताबिक दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई समेत देश के कई बड़े शहरों में ईंधन फिर महंगा हो गया। सुबह 6 बजे से लागू नई दरों के बाद दिल्ली में पेट्रोल ₹2.61 और डीजल ₹2.71 प्रति लीटर महंगा हो गया है। इसके साथ ही राजधानी में पेट्रोल की कीमत बढ़कर ₹102.12 प्रति लीटर और डीजल ₹95.20 प्रति लीटर पहुंच गई है। लगातार बढ़ती कीमतों का असर अब सीधे लोगों की जेब और रोजमर्रा के खर्च पर दिखाई देने लगा है।
15 मई से लगातार बढ़ रहे ईंधन के दाम
पिछले दो हफ्तों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में यह चौथी बढ़ोतरी है, जिससे आम लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। 15 मई को तेल कंपनियों ने करीब चार साल बाद पहली बार पेट्रोल-डीजल के दामों में एक साथ ₹3 प्रति लीटर तक का बड़ा इजाफा किया था। इसके बाद 19 मई और 23 मई को भी करीब 90-90 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई। अब 25 मई को फिर कीमतें बढ़ने के बाद 15 मई से लेकर अब तक पेट्रोल और डीजल के दामों में कुल मिलाकर ₹7.50 प्रति लीटर से ज्यादा की बढ़ोतरी हो चुकी है। लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों का असर ट्रांसपोर्ट, खाद्य पदार्थों और रोजमर्रा की जरूरतों पर भी पड़ने लगा है, जिससे महंगाई को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है।

