होम = Breaking = पन्ना में दर्दनाक हादसा, कुएं की खुदाई के दौरान मिट्टी धंसी; 5 मजदूर दबे

पन्ना में दर्दनाक हादसा, कुएं की खुदाई के दौरान मिट्टी धंसी; 5 मजदूर दबे

Panna well collapse: मध्य प्रदेश के पन्ना के अजयगढ़ क्षेत्र में मंगलवार को कुएं की खुदाई के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। ग्राम बीहरपुरवा के नयापुरवा इलाके में खेत में चल रहे खुदाई कार्य के दौरान अचानक मिट्टी धंसने से पांच मजदूर मलबे में दब गए। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और माहौल गमगीन हो गया। सूचना मिलते ही प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया, जिसमें जेसीबी मशीनों और पोकलेन की मदद ली जा रही है। अब तक एक मजदूर का शव बाहर निकाला जा चुका है।

जानकारी के मुताबिक, नयापुरवा निवासी बिन्नू अहिरवार के खेत में पिछले लगभग 10 दिनों से कुएं की खुदाई का काम चल रहा था। इस काम में सात मजदूर लगे हुए थे। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे काम के दौरान दो मजदूर कुछ देर के लिए ऊपर आ गए थे, तभी अचानक कुएं की दीवारों की मिट्टी भरभराकर नीचे गिर गई और अंदर काम कर रहे पांच मजदूर दब गए।

एक मजदूर का शव बरामद, रेस्क्यू जारी

हादसे में फंसे मजदूरों की पहचान चुन्नू यादव, राजकुमार यादव, आशीष यादव और चुनवाद पाल समेत अन्य लोगों के रूप में हुई है। बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद राजकुमार यादव का शव मलबे से बाहर निकाल लिया है। बाकी मजदूरों को सुरक्षित निकालने के लिए लगातार रेस्क्यू अभियान जारी है। मौके पर पुलिस, राजस्व विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौजूद हैं और राहत कार्य तेजी से चल रहा है।

गांव में मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर खुदाई की जा रही थी, वहां की मिट्टी बेहद ढीली और अस्थिर थी, जिससे हादसे की आशंका पहले से बनी हुई थी।

सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल

इस दर्दनाक हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार यह स्पष्ट नहीं है कि कुएं की खुदाई किसी निजी स्तर पर हो रही थी या किसी सरकारी योजना के तहत। साथ ही यह भी जांच का विषय है कि खुदाई से पहले मिट्टी की तकनीकी जांच की गई थी या नहीं और मजदूरों के लिए पर्याप्त सुरक्षा उपाय अपनाए गए थे या नहीं।

फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

ये भी पढ़ें: अखिलेश यादव का बीजेपी पर बड़ा हमला, एनकाउंटर और बुलडोजर कार्रवाई पर उठाए सवाल