होम = Breaking = NEET-UG पेपर लीक पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, CBI जांच रिपोर्ट मांगने की अपील

NEET-UG पेपर लीक पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, CBI जांच रिपोर्ट मांगने की अपील

NEET-UG Paper Leak Case: NEET-UG 2026 पेपर लीक विवाद अब सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया है। परीक्षा में गड़बड़ी और पेपर लीक के आरोपों के बीच फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन (FAIMA) ने सर्वोच्च न्यायालय में याचिका दाखिल की है। याचिका में NTA की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए नई परीक्षा संस्था बनाने और पूरे मामले की निगरानी कोर्ट से कराने की मांग की गई है।

NTA को बदलने की मांग

याचिका में कहा गया है कि मौजूदा व्यवस्था में बड़े सुधार की जरूरत है। FAIMA ने मांग की है कि NTA को या तो पूरी तरह समाप्त किया जाए या फिर उसे आधुनिक तकनीक से लैस एक स्वतंत्र और मजबूत संस्था के रूप में बदला जाए। इसके साथ ही परीक्षा प्रक्रिया को ज्यादा सुरक्षित और पारदर्शी बनाने की बात कही गई है।

कोर्ट की निगरानी में दोबारा परीक्षा की मांग

याचिकाकर्ताओं ने सुप्रीम कोर्ट से NEET-UG 2026 परीक्षा दोबारा आयोजित कराने की अपील की है। उनका कहना है कि परीक्षा की पूरी निगरानी एक हाई-लेवल कमेटी करे, जिसका नेतृत्व सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज के हाथ में हो। समिति में साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ और फॉरेंसिक एक्सपर्ट को भी शामिल करने की मांग की गई है।

नई संस्था बनाने का सुझाव

याचिका में राष्ट्रीय परीक्षा अखंडता आयोग (NEIC) के गठन का सुझाव दिया गया है। कहा गया है कि जब तक यह नई संस्था अस्तित्व में नहीं आती, तब तक कोर्ट द्वारा गठित समिति ही परीक्षा सुरक्षा की निगरानी करे। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए डिजिटल लॉकिंग सिस्टम लागू करने और ऑफलाइन परीक्षा की जगह कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मॉडल अपनाने की भी मांग उठाई गई है।

पेपर लीक के बाद रद्द हुई परीक्षा

राजस्थान में पेपर लीक की जानकारी सामने आने के बाद NTA ने NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द कर दी थी। इसके बाद पूरे मामले की जांच CBI को सौंप दी गई। यह परीक्षा 3 मई को आयोजित हुई थी, जिसमें देशभर से करीब 22 लाख छात्रों ने हिस्सा लिया था। जांच एजेंसियों को अब तक कई राज्यों में फैले नेटवर्क के संकेत मिले हैं।

जांच में सामने आए बड़े खुलासे

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले ही लीक हो गया था। जांच एजेंसियों को बायोलॉजी और केमिस्ट्री के कई सवाल वास्तविक पेपर से मेल खाते मिले हैं। NTA ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा है कि परीक्षा अब दोबारा आयोजित की जाएगी और नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी।

ये भी पढ़ें: Akhilesh Yadav के भाई प्रतीक यादव का निधन, 38 साल की उम्र में तोड़ा दम