Modi Government 12 Years: साल 2014 में जब नरेंद्र मोदी ने पहली बार देश की कमान संभाली, तब राजनीति के केंद्र में था- “सबका साथ, सबका विकास” का नारा। लेकिन 12 साल बाद मोदी सरकार की तस्वीर सिर्फ एक राजनीतिक स्लोगन तक सीमित नहीं रही। आज इसकी पहचान डिजिटल इंडिया, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, आत्मनिर्भर भारत, टेक्नोलॉजी आधारित गवर्नेंस और वैश्विक मंच पर मजबूत भारत के रूप में की जाती है। जन-कल्याण योजनाओं से लेकर हाईवे, सेमीकंडक्टर, रक्षा निर्माण और डिजिटल इकोनॉमी तक सरकार ने विकास को बहुआयामी मॉडल के रूप में पेश किया। अब मोदी 3.0 का लक्ष्य सिर्फ गरीब कल्याण नहीं, बल्कि “विकसित भारत 2047” है, जहां भारत दुनिया की बड़ी आर्थिक और तकनीकी ताकतों के बराबर खड़ा नजर आए।
राशन से डिजिटल पेमेंट तक पीएम मोदी ने इन सुविधाओं को जनता तक पहुंचाया
- बैंक खाते से बदला गरीब कल्याण का पूरा गणित
- मुफ्त अनाज ने राजनीति का एजेंडा ही बदल दिया
- चूल्हे के धुएं से एलपीजी की रोशनी तक महिलाओं का सफर
- इलाज की चिंता से राहत तक आयुष्मान का असर
- गांव-गांव नल से पानी पहुंचाने का बड़ा अभियान
- कच्ची छत से पक्के आशियाने तक का बदलाव
- सफाई अभियान को जनआंदोलन में बदलने की कोशिश
- टेक्नोलॉजी और डिजिटल गवर्नेंस का नया भारत मॉडल
- सड़कों, एक्सप्रेसवे और इंफ्रा पर सबसे बड़ा फोकस
- लोकल से ग्लोबल तक आत्मनिर्भर भारत की नई पहचान
“12 साल सिर्फ सरकार के नहीं, भरोसे और बदलाव के रहे”
केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक भावुक पोस्ट साझा किया। उन्होंने लिखा कि 26 मई 2014 सिर्फ एक नई सरकार के गठन का दिन नहीं था, बल्कि देश के करोड़ों लोगों के सपनों और भरोसे की नई शुरुआत थी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को “विकसित भारत” के संकल्प से जोड़ा।
“योजनाओं ने करोड़ों लोगों की जिंदगी बदली”
मांडविया ने अपने पोस्ट में लिखा कि पिछले 12 वर्षों में गरीब और मध्यम वर्ग के जीवन में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। उन्होंने उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, जन-धन योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि ये सिर्फ सरकारी स्कीम नहीं, बल्कि करोड़ों परिवारों के लिए नई शुरुआत साबित हुई हैं। उनके मुताबिक, महिलाओं के सशक्तिकरण से लेकर गरीबों को स्वास्थ्य सुरक्षा और पक्के घर देने तक, सरकार ने आम लोगों के जीवन स्तर को बदलने का प्रयास किया।

