MALVIYA NAGAR FIRE CASE: दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड मामले में बड़ा एक्शन हुआ है। जिस होटल में भीषण आग लगने से 21 लोगों की मौत हुई थी, उसके मालिक लवकेश बजाज को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हादसे के बाद से फरार चल रहे लवकेश बजाज और उनकी पत्नी के खिलाफ पुलिस ने लुकआउट सर्कुलर जारी किया था और उनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही थी। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि दिल्ली सरकार की ‘बेड एंड ब्रेकफास्ट’ नीति के तहत होटल को केवल 6 कमरों की अनुमति थी, लेकिन इमारत में कथित तौर पर 25 कमरों का संचालन किया जा रहा था।
बिना एनओसी चल रहे होटल में लगी थी भीषण आग
दिल्ली के मालवीय नगर के हौज रानी इलाके में स्थित ‘फ्लोरिश स्टे बी एंड बी’ होटल में बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे भीषण आग लग गई थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि होटल कथित तौर पर बिना आवश्यक एनओसी के संचालित किया जा रहा था। आग इतनी तेजी से फैली कि पांच मंजिला इमारत में ठहरे कई लोग अंदर ही फंस गए। हादसे में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 12 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। स्थानीय लोगों और दमकल कर्मियों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना के समय अधिकांश मेहमान अपने कमरों में सो रहे थे, जिससे हताहतों की संख्या बढ़ गई। मृतकों में ज्यादातर मध्य एशियाई और अफ्रीकी देशों के नागरिक बताए जा रहे हैं, जबकि घायलों का इलाज नजदीकी मैक्स अस्पताल में कराया गया।
होटल मालिक पर गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज
जांच में सामने आया है कि करीब छह से सात साल पहले तक इस इमारत में ग्राउंड फ्लोर के साथ केवल एक मंजिल मौजूद थी, लेकिन बाद में संबंधित अधिकारियों को सूचना दिए बिना कई अतिरिक्त मंजिलों का निर्माण कर लिया गया। अधिकारियों के अनुसार, इमारत का पूरा और संशोधित नक्शा भी नियमानुसार जमा नहीं कराया गया था। प्रारंभिक जांच में भवन निर्माण नियमों और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की आशंका जताई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की गैर-इरादतन हत्या से संबंधित धाराओं समेत अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है और पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।

