होम = Breaking = केरल के नए CM सतीशन की PM मोदी से पहली मुलाकात, विकास मुद्दों पर हुई चर्चा

केरल के नए CM सतीशन की PM मोदी से पहली मुलाकात, विकास मुद्दों पर हुई चर्चा

केरल के नए मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पहली आधिकारिक मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री को कथकली कलाकार की लकड़ी से बनी आकर्षक प्रतिमा भेंट की, जिसे केरल की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक माना जाता है। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब कांग्रेस नीत यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) करीब एक दशक बाद राज्य की सत्ता में लौटा है।

वी.डी. सतीशन ने 18 मई को तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में आयोजित समारोह में केरल के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की थी। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उन्हें और उनकी मंत्रिपरिषद को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर बड़ी संख्या में समर्थक, राजनीतिक नेता और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के साथ कुल 20 मंत्रियों ने भी शपथ ली, जिनमें 14 नए चेहरे शामिल हैं। नई कैबिनेट में दो महिला मंत्रियों और अनुसूचित जाति समुदाय के दो प्रतिनिधियों को भी जगह दी गई है।

UDF सरकार की प्राथमिकताएं

नई सरकार में कांग्रेस को 11 मंत्रालय मिले हैं, जबकि सहयोगी इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) को पांच विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा केरल कांग्रेस के विभिन्न गुटों, रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी और अन्य सहयोगी दलों को भी मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व दिया गया है। UDF सरकार ने राज्य में आधारभूत ढांचे के विकास, निवेश को बढ़ावा देने, रोजगार सृजन और कल्याणकारी योजनाओं को अपनी प्राथमिकताओं में रखा है।

विधानसभा चुनाव में मिली बड़ी जीत

9 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में UDF ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 140 सदस्यीय विधानसभा में 102 सीटों पर जीत हासिल की। वहीं लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) को 35 सीटें मिलीं, जबकि बीजेपी तीन सीटों पर जीत दर्ज करने में सफल रही।

मुख्यमंत्री सतीशन ने अपने पास वित्त, कानून, बंदरगाह, हवाई अड्डे, रेलवे, मेट्रो रेल और प्रदूषण नियंत्रण जैसे अहम विभाग रखे हैं। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी यह मुलाकात राज्य के विकास और केंद्र से सहयोग हासिल करने के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

ये भी पढ़ें: सुसाइड के ख्यालों में डूबी युवती, फिर टावर पर चढ़कर उठाया खौफनाक कदम; जानें पूरा मामला