India Bangladesh Border Clash: भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बुधवार को उस समय तनाव बढ़ गया जब सीमा सुरक्षा बल (BSF) द्वारा कथित तौर पर एक बांग्लादेशी नागरिक को वापस भेजने की कार्रवाई के बाद सीमा क्षेत्र में भारी भीड़ जमा हो गई। मेघालय के दक्षिण पश्चिम गारो हिल्स जिले के महेंद्रगंज स्थित नंदिर चार सीमा इलाके में दोनों ओर के लोगों के बीच तनावपूर्ण स्थिति बन गई और पथराव की घटनाएं भी सामने आईं। हालात को देखते हुए सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
भारत में अवैध तरीके से प्रवेश कर रहा था व्यक्ति
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, संबंधित व्यक्ति ने कथित रूप से अवैध तरीके से भारत में प्रवेश किया था। सुरक्षा एजेंसियों द्वारा हिरासत में लेने के बाद BSF ने उसे बांग्लादेश वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू की। लेकिन मामला तब जटिल हो गया जब बांग्लादेश सीमा रक्षक बल (BGB) और सीमा पार मौजूद स्थानीय लोगों ने कथित तौर पर उस व्यक्ति को स्वीकार करने से इनकार कर दिया। इसके बाद सीमा क्षेत्र में तनाव बढ़ गया और दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जिससे स्थिति और संवेदनशील हो गई।
सीमा पर बढ़ा तनाव
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सीमा क्षेत्र में जुटी भीड़ के बीच कहासुनी के बाद हालात अचानक बिगड़ गए और दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया। अंतरराष्ट्रीय सीमा पर लगी बाड़ के आर-पार पत्थर फेंके गए, जिससे इलाके में तनाव और बढ़ गया। हालांकि इस घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां इसे गंभीरता से ले रही हैं। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए सीमा पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं, जबकि BSF और BGB लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

