होम = Breaking = 44°C तक पहुंचा पारा! दिल्ली, लखनऊ से गुरुग्राम तक गर्मी का थर्ड डिग्री टॉर्चर, जानें कहां कितना तापमान

44°C तक पहुंचा पारा! दिल्ली, लखनऊ से गुरुग्राम तक गर्मी का थर्ड डिग्री टॉर्चर, जानें कहां कितना तापमान

by | Apr 15, 2026 | Breaking, News Latest

IMD Alert: बारिश थमने के कुछ ही दिनों बाद अब सूरज ने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। बुधवार की दोपहर में 37-38 डिग्री तापमान पहुंचते ही झुलसाने वाली गर्मी का अहसास होने लगा। आईएमडी के मुताबिक, 15 से 21 अप्रैल के बीच उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में तापमान 4 से 5 डिग्री तक बढ़ सकता है। महाराष्ट्र के Akola में पारा 44 डिग्री तक पहुंच गया है। वहीं, आने वाले दिनों में दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, लखनऊ और जयपुर समेत कई शहरों में भीषण गर्मी की चेतावनी जारी की गई है।

दिल्ली-NCR में कितना रहेगा तापमान?

उत्तर भारत में दिल्ली-एनसीआर के दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम जैसे बड़े शहरों में प्रचंड गर्मी को लेकर चेतावनी जारी की गई है। 15-16 अप्रैल के दौरान तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, लेकिन 17 अप्रैल से 21 अप्रैल के बीच पारा 42 डिग्री तक पहुंच सकता है। इस दौरान 16-17 अप्रैल को हल्के बादल छाने से उमस बढ़ सकती है, जिससे गर्मी और ज्यादा परेशान करेगी। वहीं दोपहर के समय लू चलने की भी आशंका जताई गई है, जिससे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

जयपुर, भोपाल, चंडीगढ़ व लखनऊ में भी बढ़ेगी गर्मी

राजस्थान के जयपुर और मध्य प्रदेश के भोपाल व इंदौर जैसे शहरों में तापमान तेजी से उछाल मार रहा है। एक हफ्ते की बारिश के बावजूद जयपुर में अगले 3-4 दिनों में पारा 41 से 43 डिग्री तक पहुंच सकता है, वहीं 16 अप्रैल के लिए लू का अलर्ट जारी किया गया है। चंडीगढ़ में गर्मी बढ़ेगी, लेकिन पहाड़ों की नजदीकी के कारण लू का असर दिल्ली के मुकाबले थोड़ा कम रहेगा.चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री तक जा सकता है। लखनऊ में भीषण गर्मी का दौर शुरू होगा, जहाँ अधिकतम तापमान 40 से 41 डिग्री तक पहुंच सकता है. देहरादून में भी पारा 32 से 34 डिग्री तक जाने का अनुमान है।