Hissar Gym Trainer Murder: हरिय़ाणा के हिसार जिले के हांसी शहर में गुरुवार की सुबह एक जिम ट्रेनर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि हमलावर ने सरेआम ट्रेनर को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
पीठ में दागीं कई गोलियां
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हमलावर ने जिम ट्रेनर की पीठ में करीब 10 गोलियां दागीं। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके को घेर लिया। पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। पुलिस के अनुसार हमलावर ने कपिल के सिर और पीठ को निशाना बनाया। गोलियां लगते ही वह मौके पर गिर पड़ा। इसी दौरान वहां प्रैक्टिस कर रही शिखा नामक युवती भी गोली की चपेट में आ गई। उसके कंधे और पैर में गोली लगी है। घायल युवती को हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जांच में जुटी पुलिस
जांच में पुलिस को आशंका है कि इस वारदात को पूरी योजना और रेकी के बाद अंजाम दिया गया। कपिल रोजाना इसी स्थान पर युवाओं को प्रशिक्षण देते थे। शुरुआती जांच से संकेत मिल रहे हैं कि हमलावर उनकी दिनचर्या और गतिविधियों से अच्छी तरह वाकिफ थे, जिसके चलते उन्हें सुनियोजित तरीके से निशाना बनाया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

