होम = Breaking = NTA और CBSE की कार्यप्रणाली पर पूर्व नौकरशाहों ने उठाए सवाल, PM को पत्र लिखकर शिक्षा मंत्री को लेकर उठाए सवाल

NTA और CBSE की कार्यप्रणाली पर पूर्व नौकरशाहों ने उठाए सवाल, PM को पत्र लिखकर शिक्षा मंत्री को लेकर उठाए सवाल

by | Jun 12, 2026 | Breaking, News Featured

CBSE OSM system issues: देश की प्रमुख परीक्षा संस्थाओं एनटीए और सीबीएसई की कार्यप्रणाली को लेकर एक बार फिर बहस छिड़ गई है। 73 पूर्व वरिष्ठ नौकरशाहों ने परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर चिंता जताते हुए एनटीए और सीबीएसई की स्वतंत्र तथा समयबद्ध समीक्षा की मांग की है। कांस्टीट्यूशनल कंडक्ट ग्रुप (CCG) के बैनर तले जारी खुले पत्र में पूर्व अधिकारियों ने कहा कि हाल के वर्षों में परीक्षा संबंधी गड़बड़ियों और विवादों ने छात्रों, अभिभावकों और आम जनता का भरोसा कमजोर किया है। उन्होंने सरकार से पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने की अपील की है।

पत्र में पेपर लीक का किया गया है जिक्र

खुले पत्र में पूर्व अधिकारियों ने NEET-UG परीक्षा से जुड़े कथित पेपर लीक मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे 23 लाख से अधिक छात्रों की मेहनत और भविष्य प्रभावित हुआ। उनका कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया में सामने आई खामियों के कारण कुछ अभ्यर्थियों तक प्रश्नपत्र समय से पहले पहुंचने की आशंकाएं पैदा हुईं, जिससे परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हुए। पूर्व नौकरशाहों ने कहा कि ऐसी घटनाएं परीक्षा प्रणाली की सुरक्षा और विश्वसनीयता को कमजोर करती हैं तथा छात्रों और अभिभावकों का भरोसा भी प्रभावित करती हैं।

CBSE के OSM सिस्टम पर भी उठी चिंता

पूर्व नौकरशाहों के ओपन लेटर में सीबीएसई की कक्षा 12 बोर्ड परीक्षाओं में इस्तेमाल किए जा रहे ऑन स्क्रीन मार्किंग (OSM) डिजिटल मूल्यांकन सिस्टम पर भी सवाल खड़े किए गए हैं। पत्र में कहा गया है कि इस प्रक्रिया के दौरान कई तकनीकी दिक्कतें सामने आईं, जिनमें पोर्टल का क्रैश होना, उत्तर पुस्तिकाओं के डिजिटल पन्नों का गायब होना और कॉपियों के गलत मिलान जैसी समस्याएं शामिल हैं। इसके अलावा अंकन में त्रुटियों की शिकायतें भी दर्ज की गईं।