Education Ministry Fire: दिल्ली के ITO इलाके में स्थित स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (SPA) की इमारत में सोमवार सुबह आग लगने से हड़कंप मच गया। आग बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर लगी, जहां शिक्षा मंत्रालय के कुछ कार्यालय संचालित होते हैं। घटना के बाद एहतियात के तौर पर बिल्डिंग में मौजूद फैकल्टी, कर्मचारियों और छात्रों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार सुबह 9:37 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल विभाग की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया गया।
AC में शॉर्ट सर्किट से फैली आग!
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एयर कंडीशनर (AC) में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि अधिकारियों ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आग लगने से पहले AC यूनिट से धुआं निकलता और स्पार्किंग होती दिखाई दी थी, जिसके कुछ ही देर बाद आग फैल गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने या हताहत होने की खबर नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद विस्तृत जांच की जाएगी, जिसके आधार पर आग लगने की वास्तविक वजह सामने आएगी।
आग की घटना पर कांग्रेस ने उठाए सवाल
शिक्षा मंत्रालय के कार्यालय में आग लगने की घटना को लेकर कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस महासचिव Jairam Ramesh ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि शिक्षा मंत्रालय के कार्यालयों में आग लगने की खबर बेहद चिंताजनक है और यह मामला कुछ संदिग्ध भी प्रतीत होता है। वहीं कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सचिव B. V. Srinivas ने भी सरकार पर तंज कसते हुए कहा, “स्कैम के कागज जलना शुरू हो चुके हैं, वाह रे प्रधान।” हालांकि आग लगने के कारणों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है और जांच जारी है।

