होम = Breaking = Delhi Double Murder: दिल्ली के रोहिणी में डबल मर्डर, दो नाबालिगों की चाकू मारकर हत्या

Delhi Double Murder: दिल्ली के रोहिणी में डबल मर्डर, दो नाबालिगों की चाकू मारकर हत्या

Delhi Double Murder: दिल्ली के रोहिणी जिले के अमन विहार इलाके में बुधवार शाम दो गुटों के बीच हुए हिंसक विवाद में दो किशोरों की जान चली गई। मृतकों की पहचान जॉनी और मयंक के रूप में हुई है, जो दोनों नाबालिग बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी नाबालिग को हिरासत में ले लिया है और हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि जॉनी, मयंक और उनका साथी दिनेश सुल्तानपुरी से अमन विहार पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वे रितेश नाम के युवक की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान उनका दूसरे पक्ष के लोगों से विवाद हो गया, जिसने बाद में हिंसक रूप ले लिया।

महिला और उसके बेटे पर हमला करने का आरोप

जानकारी के अनुसार, झगड़े के दौरान जॉनी और मयंक पर एक महिला और उसके बेटे के साथ मारपीट करने का आरोप है। घटना के बाद तीनों वहां से भागने लगे। इसी दौरान पीछा कर रहे लोगों के बीच अफरा-तफरी में चाकू नीचे गिर गया।

गर्दन और सीने पर किए गए ताबड़तोड़ वार

बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद एक नाबालिग युवक ने गिरा हुआ चाकू उठाकर हमला कर दिया। उसने एक युवक की गर्दन पर और दूसरे के पेट व सीने पर कई वार किए। गंभीर रूप से घायल दोनों किशोरों को पुलिस अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं झगड़े में घायल हुए दिनेश का इलाज जारी है।

पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह

पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों के बयान के आधार पर हत्या और हत्या के प्रयास का क्रॉस केस दर्ज किया गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि सुल्तानपुरी में हुई एक पुरानी हत्या के मामले को लेकर विवाद चल रहा था। जॉनी और मयंक को शक था कि रितेश ने आरोपियों को छिपने में मदद की थी। इसी रंजिश के चलते वे हथियार लेकर अमन विहार पहुंचे थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।

येे भी पढ़ें: PM Modi Cabinet Meeting: PM मोदी आज करेंगे मंत्रिपरिषद की अहम बैठक, कई मुद्दों पर होगी चर्चा