Delhi LPG Cylinder Blast: राजधानी दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके में मंगलवार को LPG गैस सिलेंडर विस्फोट से बड़ा हादसा हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि एक मंजिला मकान पूरी तरह ढह गया। हादसे में छह लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव टीमें मौके पर पहुंच गईं। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति के बारे में डॉक्टरों की विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
सिलेंडर ब्लास्ट से ढहा पूरा मकान
स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) गिरीराज के अनुसार, LPG सिलेंडर में हुए विस्फोट के कारण करीब 250 वर्ग गज में बना एक मंजिला मकान पूरी तरह ढह गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में भी अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद पुलिस, दमकल विभाग और अन्य राहत एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया।
मलबे में फंसे लोगों को निकालने का अभियान जारी
अधिकारियों के मुताबिक, मकान में विस्फोट की सूचना मिलते ही दिल्ली अग्निशमन विभाग की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान अब तक तीन लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। हालांकि एक व्यक्ति के अभी भी मलबे में दबे होने की आशंका है, जिसे निकालने के लिए बचाव दल लगातार प्रयास कर रहे हैं।

