होम = Breaking = दिल्ली को फिर से दहलाने की थी साजिश, दबोचे गए 4 युवक

दिल्ली को फिर से दहलाने की थी साजिश, दबोचे गए 4 युवक

Delhi Police: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कार्रवाई करते हुए चार संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर देश में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। बताया जा रहा है कि ये लोग गजवा-ए-हिंद जैसे खतरनाक विचारों को बढ़ावा दे रहे थे।

अलग-अलग राज्यों से हुई गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों को महाराष्ट्र, ओडिशा और बिहार जैसे अलग-अलग राज्यों से पकड़ा गया है। उनके पास से IED बनाने से जुड़ा सामान और मोबाइल फोन बरामद हुए हैं, जिनकी जांच जारी है।

कट्टरपंथी विचारधारा से थे प्रभावित

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये सभी युवक कट्टरपंथी सोच से प्रभावित थे और देशविरोधी गतिविधियों की ओर झुकाव रखते थे। वे खतरनाक विचारधाराओं को बढ़ावा देने के साथ-साथ अन्य लोगों को भी इसके लिए उकसाने की कोशिश कर रहे थे।

सोशल मीडिया के जरिए फैलाते थे नेटवर्क

जांच एजेंसियों को पता चला है कि आरोपी गुप्त सोशल मीडिया ग्रुप्स में सक्रिय थे। इन प्लेटफॉर्म्स पर हथियारों, जिहाद और आतंकी गतिविधियों से जुड़ी बातें की जाती थीं। इन्हीं ग्रुप्स के माध्यम से नए लोगों को जोड़ने और उन्हें भड़काने का काम किया जा रहा था।

पुलिस ने बताया कि दो आरोपी मिलकर रिमोट कंट्रोल IED तैयार करने की योजना बना रहे थे। इसके लिए बॉल बेयरिंग, कील और खिलौना कार जैसे उपकरण भी जुटा लिए गए थे।

संवेदनशील स्थानों की की थी रेकी

जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि एक आरोपी ने दिसंबर 2025 में दिल्ली आकर लाल किला और इंडिया गेट जैसे अहम स्थानों की रेकी की थी। उसने सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट भी साझा की थी। इसके अलावा, एक आरोपी ऑनलाइन फंडिंग के जरिए पैसे जुटा रहा था, जबकि दूसरा हथियार चलाने की ट्रेनिंग दिलाने का दावा कर रहा था।

BNS 2023 के तहत मामला दर्ज

चारों आरोपी सामान्य परिवारों से ताल्लुक रखते हैं और उनकी शिक्षा भी सीमित बताई जा रही है। कोई मैकेनिक, कोई सिक्योरिटी गार्ड और कोई प्लंबर का काम करता था। पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया और कट्टरपंथी प्रभाव के चलते ये गलत रास्ते पर चले गए। स्पेशल सेल ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें: डोनाल्ड की चेतावनी: ईरान से हर हाल में यूरेनियम लेंगे, डेडलाइन तक डील नहीं तो सीजफायर खत्म- नाकेबंदी जारी रही तो फिर बमबारी